अनियंत्रित होकर पलटी बस, नौ गंभीर घायल
गोरमी में कदमन का पुरा के पास लोडिंग वाहन की टक्कर से दो की मौत
भास्कर संवाददाता | भिंड
अहमदाबाद से भिंड आ रही सवारियों से भरी बस पिडौरा के पास शिवहरे पेट्रोल पंप के सामने नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित हो कर खंती में पलट गई। बस में करीब 60 लोग सवार थे, जिनमें महिला व बच्चे सहित 9 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना मंगलवार सुबह 8:30 बजे की है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बरोही थाना प्रभारी अनिल सिंह गुर्जर ने बताया कि बस क्रमांक यूपी 83 टी 8809 पिडौरा के पास नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में बैठे लोगों ने बताया कि ड्राइवर तेज रफ्तार से ग्वालियर से आ रही बस को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था, तभी असंतुलित होकर बस खंती में पलट गई। बस में सवार अमीषा पाल(2) पुत्री रामलखन पाल निवासी जालौन, अमित पाल(5), नेहा जैन(30) प|ी अरुण जैन, रामप्रकाश जैन निवासी मसूरी, ज्योति शर्मा(33) प|ी राममोहन शर्मा निवासी झांसी मोहल्ला, मंजू राठौर(26) प|ी कमलेश राठौर निवासी गीता भवन वाली गली भिंड, अंशू राठौर पुत्र कमलेश राठौर और धर्मेंद्र तोमर को चोटें आई हैं।
लोडिंग की टक्कर से 2 की मौत
उधर गोरमी में सोमवार की रात नौ बजे कुटरौली से भागवत के भंडारे से निमंत्रण खाकर घर जा रहे बाइक सवारों को कदमन का पुरा के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक ने अस्पताल जाते वक्त दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक गजेंद्र गुर्जर(40) पुत्र रणवीर सिंह निवासी आरौली अन्नाने का पुरा अपने साथी महेंद्र सिंह गुर्जर(45) पुत्र गंभीर सिंह निवासी बहेरा कटरौली से निमंत्रण खाकर घर जा रहे थे। तभी कदमन का पूरा के पास एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे गजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं महेन्द्र सिंह गुर्जर की रास्ते में अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई।