- Hindi News
- National
- दीनपुरा सोसाइटी पर सैंपल के नाम पर 1 क्विंटल पर 1 किलो अधिक ले रहे गेहूं
दीनपुरा सोसाइटी पर सैंपल के नाम पर 1 क्विंटल पर 1 किलो अधिक ले रहे गेहूं
किसान संघ ने दिया धरना कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
भास्कर संवाददाता | भिंड
दीनपुरा सोसाइटी के अंतर्गत आने वाले किसानों का गेहूं समर्थन मूल्य पर जामना रोड स्थित वेयर हाउस पर खरीदा जा रहा है। जहां 51 किलो की तौल पर 500 ग्राम गेहूं अतिरिक्त लिया जा रहा है। यानि एक क्विंटल पर एक किलो गेहूं अधिक लिया जा रहा है। इसी प्रकार सैंपल के नाम पर 10 किलो गेहूं लिया जा रहा है। यह आरोप किसान संघ की प्रदेश कार्य समिति सदस्य नमोनारायण दीक्षित, संभागीय उपाध्यक्ष रमेश बाबू चौधरी और जिलाध्यक्ष कुलदीप भदौरिया ने लगाया है। इस मौके पर किसानों ने खरीद केंद्रों पर धरना दिया। फिर कलेक्टर डॉ इलैया राजा टी को ज्ञापन सौंपा।
भारतीय किसान संघ के नेताओं ने दीनपुरा सोसाइटी पर किसानों के साथ ठीक व्यवहार नहीं किया जा रहा है। केंद्र प्रभारी चंद्रपाल सिंह ने किसान रघुनाथ सिंह साथ अभद्रता की। रघुनाथ सिंह का कहना था कि केंद्र पर सुविधा शुल्क देने वालों की तौल पहले की जा रही है जबकि शेष किसानों को कभी तौल कांटे तो कभी श्रमिक न होने का बहाना बनाकर उन्हें दो से तीन दिन का इंतजार करना पड़ रहा है। साथ ही तौल के बाद ऋण का अनाप शनाप पैसा काटा जा रहा है, जिसकी शिकायत भी प्रशासनिक अधिकारियों से की गई है।
मनमानी के विरोध में भारतीय किसान संघ के नेताओं ने जामना रोड स्थित खरीद केंद्र पर धरना दिया। साथ ही मनमानी के विरोध में नारेबाजी की। इसके बाद किसान संघ के नेताओं ने कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर डॉ इलैया राजा टी को ज्ञापन दिया। इस अवसर पर कई किसान नेता मौजूद थे।