महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने ली महिला पदाधिकारियों की बैठक
भास्कर संवाददाता | भिंड
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस अब पूरी तरह सक्रिय हो गई है। साथ ही बूथ स्तर तक पुरुषों के साथ महिला कार्यकर्ताओं की टीम खड़ी करने की रणनीति बना ली है। रविवार को जिले के अल्प प्रवास पर आईं महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष मांडवी चौहान ने मीडिया से चर्चा में कहा कि महिला कांग्रेस अब बूथ, सेक्टर और मंडलम स्तर तक अपनी महिला कार्यकर्ताओं की टीम खड़ी कर रही है। इस दौरान जो भी महिला कार्यकर्ता और पदाधिकारी अच्छा कार्य करेगी, उसकी मेहनत को देखकर पार्टी हाईकमान विधानसभा चुनाव में टिकट भी दे सकती है। इस अवसर पर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनी श्रीवास्तव, भिंड से कांग्रेस के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ राधेश्याम शर्मा आदि मौजूद रहे।