पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 1 साल सेे आंगनबाड़ी भवन के भाड़े व 2 वर्ष से मंगल दिवस की राशि का नहीं हुआ भुगतान

1 साल सेे आंगनबाड़ी भवन के भाड़े व 2 वर्ष से मंगल दिवस की राशि का नहीं हुआ भुगतान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
महिला बाल विकास विभाग कार्यालय के बाहर विरोध जतातीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता।

कई बार सौंपे ज्ञापन फिर भी नहीं हुई सुनवाई

संगठन पदाधिकारियों के मुताबिक भवन भाड़ा एवं मंगल दिवस राशि के लिए कई बार ज्ञापन सौंपे गए लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं कराया जा सका है। बताया गया है 15 मार्च को ज्ञापन सौँपा गया था। इसके बाद बीते रोज बुधवार को भी ज्ञापन सौंपकर आज गुरुवार से महिला बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना देने का अल्टीमेटम दिया गया था। आज धरना देने के पहुंची एक सैकड़ा कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने आश्वासन दिया कि 22 मई तक समस्याओं का समाधान करा देंगे।

धरना देने पहुंची कार्यकर्ता और सहायिकाओं से जिला कार्यक्रम अधिकारी बोले- 22 मई तक कराएंगे समस्या का समाधान

भास्कर संवाददाता | भिंड

जिले में शहरी एवं ग्रामीण अंचल के आंगनबाड़ी केंद्रों का साल भर से भवन भाड़े और दो साल की मंगल दिवस की राशि का भुगतान नहीं हुआ है। भुगतान नहीं होने से परेशान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं महिला बाल विकास विभाग कार्यालय के समक्ष धरना देने पहुंची तो जिला कार्यक्रम अधिकारी आरएन बुधोलिया ने आश्वस्त किया गया 22 मई तक उनकी समस्याओं का समाधान करा दिया जाएगा। गौरतलब है इसके पूर्व बुधवार को भी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने विभाग के जिला कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा था। मध्यप्रदेश आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संयुक्त संघ पदाधिकारियों ने कहा मार्च महीने भी ज्ञापन सौंपकर भवन भाड़ा एवं मंगल दिवस की राशि भुगतान शीघ्र किए जाने की मांग की गई थी लेकिन अब तक गौर नहीं किया गया है।

मध्यप्रदेश आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संयुक्त संघ पदाधिकारी साधना भदौरिया एवं सहायिका एकता यूनियन की कमलेश शर्मा ने बताया जिले में 1700 के करीब आंगनबाड़ी केंद्र हैं इनमें अधिकांश निजी भवनों में संचालित किए जा रहे हैं। शहरी आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 1000 रुपए से 3000 रुपए प्रतिमाह किराया भुगतान का प्रावधान है। इस प्रकार लाखों रुपए भवन भाड़ा बकाया है। कहीं साल भर से तो कहीं डेढ़ साल से किराए का भुगतान नहीं किया गया है। इस कारण भवन स्वामी केंद्र के संचालन में न केवल अड़चन डाल रहे हैं बल्कि भवन खाली कराने की भी धमकी दे रहे हैँ। इसी प्रकार आंगनबाड़ी केंद्रों पर मंगल दिवस मनाए जाने के लिए 200 रुपए प्रतिमाह के हिसाब से राशि का भुगतान किया जाता है लेकिन दो साल से यह राशि भी प्राप्त नहीं हुई है। जबकि मंगल दिवस कार्यक्रम नियमित रूप से मनाने की प्रक्रिया चल रही है। कार्यकर्ताओं को अपने मानदेय में से मंगल दिवस के लिए राशि खर्च की जा रही है।

पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ताओं की उपस्थिति

बुधवार को ज्ञापन सौंपने एवं गुरुवार को महिला बाल विकास कार्यालय के समक्ष धरना देने पहुंची कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं में शासकीय कर्मचारी परिसंघ की साधना भदौरिया एवं सहायिका एकता यूनियन की कमलेश शर्मा के अलावा मीना जैन, संगीता कुशवाह, भावना कुशवाह, कल्पना शर्मा, रामकुमारी मिश्रा, मंजू शर्मा, उपासना गोस्वामी, मधु शर्मा, ज्योति सक्सेना, शांति राठौर बबिता जैन, पिंकी भदौरिया, साधना, प्रतिभा, कुंतेश सेंगर, संध्या भदौरिया, विनीता शिवहरे, सुनीता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की उपस्थिति रही। इनका कहना है कि कार्यक्रम अधिकारी के आश्वासन अनुसार 22 मई तक इंतजार किया जाएगा इसके बाद धरना आंदोलन किया जाएगा।

कार्यकर्ता व सहायिकाओं काे बढ़े मानदेय का भी इंतजार

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने पिछले दिनों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का मानदेय दो गुना करने की घोषणा की है। कार्यकर्ताओं को 5000 से 10,000 रुपए एवं सहायिकाओं को 2500 से 5,000 रुपए प्रतिमाह मानदेय भुगतान का भी इंतजार है। इसी प्रकार कार्यकर्ता के कार्यरत रहने की आयु सीमा 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष कर दी गई है। उक्त संदर्भ में आदेश प्रसारित होने की बाट जो ही जा रही है। बताया गया इनके लिए जल्दी आदेश जारी नहीं किए गए तो आगामी दिनों में इसके लिए मांग की जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों को हाईटेक किए जाने की भी प्रक्रिया चल रही है।

सुनवाई नहीं हुई तो कार्यालय के सामने करेंगे धरना

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ द्वारा अपनी मांगों को लेकर अबकी बार कलेक्ट्रेट परिसर में नहीं बल्कि जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना दिया जाएगा। धरना शांतिपूर्ण तरीके से चलेगा। यह निर्णय इसलिए लिया गया है कि आंदोलन पर अधिकारियों की नजर रहे। -साधना भदौरिया, संगठन प्रमुख

समाधान के लिए कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया है

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों को जल्दी से जल्दी पूरा करने का आश्वासन दिया गया है। इसके लिए शासन स्तर से राशि आवंटित किए जाने के आवश्यक कार्रवाई की गई है। कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को उनके हित में शासन द्वारा लिए गए अन्य निर्णयों से भी अवगत कराया गया है। -आरएन बुधोलिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी

खबरें और भी हैं...