पत्रकार की मौत के 20 दिन बाद भी नहीं आई सीबीआई
एसआईटी की जांच भी कर दी बंद
भास्कर संवाददाता | भिंड
पत्रकार संदीप शर्मा की मौत के मामले में 20 दिन बाद भी सीबीआई की टीम भिंड नहीं आई है और न ही भिंड पुलिस के पास सीबीआई के आने संबंधी कोई सूचना है। ऐसे में यह पूरा मामला ठंडे बस्ते में जाता नजर आ रहा है। इधर एसआईटी की जांच की गति भी धीमी होने की वजह से कोई नतीजा नहीं निकल पाया है। यहां बता दें कि रेत माफिया और पुलिस के बीच गठजोड़ का खुलासा करने वाले पत्रकार संदीप शर्मा की 26 मार्च की सुबह नौ बजे इंदिरा गांधी चौराहा पर हरिजन थाने के सामने ट्रक के नीचे आने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद संदीप के परिजनों ने इसे हत्या करार दिया। वहीं मामले ने जब ज्यादा तूल पकड़ा तो एसपी प्रशांत खरे ने तत्काल घटना की जांच के लिए एसआईटी (स्पेशल इंनेस्टीगेशन टीम) का गठन किया, जिसमें डीएसपी हेडक्वार्टर राकेश छारी के नेतृत्व में शहर कोतवाली टीआई शैलेंद्र सिंह कुशवाह, मेहगांव थाना प्रभारी नरेंद्र त्रिपाठी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों को शामिल किया था।