एनएच- 552 पोरसा से चिरगांव वाया भिंड का निर्माण कार्य शुरू
566 करोड़ रुपए से बनेगा 120 किमी लंबा हाईवे
भास्कर संवाददाता | भिंड
जिले में नए नेशनल हाईवे-552 पोरसा, भिंड, लहार, भांडेर, चिरगांव मार्ग का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा। मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम की ओर से दबोह खंड पर 144 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण कार्य कराए जाने के लिए टेंडर करा दिए गए हैं।
वहीं इस नए हाईवे के बनने के बाद जिले के विकास में रफ्तार आएगी। भिंड सांसद डॉ भागीरथ प्रसाद ने बताया कि जिले में भिंड, मिहोना, लहार, दबोह, भांडेर से चिरगांव जोड़ने वाले नेशनल हाईवे- 552 की अधिसूचना 14 जून 2016 को भारत सरकार ने जारी कर दी है। यह हाईवे पर 566 करोड़ रुपए से अधिक लागत से 120 किलोमीटर लंबे मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू हो गया है। मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम की ओर से मिहोना, दबोह खंड पर 144 करोड़ लागत से 34 किलोमीटर मार्ग के निर्माण के लिए टैंडर स्वीकृत कर दिए गए हैं। इस मार्ग पर एक बड़ा और तीन छोटे पुल बनाए जाएंगे।