- Hindi News
- National
- बाजार बंद रहेगा, नहीं चलेंगी बसें, माल्यार्पण के लिए चार से ज्यादा लोग एक साथ नहीं जा पाएंगे
बाजार बंद रहेगा, नहीं चलेंगी बसें, माल्यार्पण के लिए चार से ज्यादा लोग एक साथ नहीं जा पाएंगे
शास्त्री चौराहे से पुलिस और प्रशासन ने निकाला फ्लैग मार्च।
लहार, गोहद और मेहगांव में पुलिस के साथ आरएएफ भी तैनात
शनिवार को संभावित उपद्रव को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला। भिंड शहर में शाम पांच बजे से कलेक्टर और एसपी ने पुलिस फोर्स के साथ फ्लैग मार्च निकाला, जिससे उपद्रवियों में भय का माहौल बना। वहीं गोहद में सुबह के वक्त एसडीएम डीके शर्मा और एसडीओपी प्रवीण अष्ठाना ने अधिकारियों और पुलिस फोर्स के साथ पूरे कस्बे में फ्लैग मार्च निकाला। एसपी के मुताबिक उनके पास पर्याप्त मात्रा में फोर्स है। उपद्रवियों से निपटने के लिए लहार, गोहद और मेहगांव में पुलिस के साथ साथ आरएएफ (रैपिड एक्शन फोर्स) लगाई गई है। जबकि भिंड में बीएसएफ रहेगी।
चार लोग करेंगे बाबा का माल्यार्पण, दो बाहर खड़े होंगे, दो अंदर
डॉ अंबेडकर समन्वय समिति के जिलाध्यक्ष बाबूराम जामौर ने बाबा साहब की 127वीं जयंती मनाए जाने को लेकर कलेक्टर से मुलाकात की और कार्यक्रम की अनुमति मांगी। कलेक्टर ने जहां बाबा साहब की प्रतिमा लगी है वहां चार लोगों को माल्यार्पण करने की अनुमति दी है, जिसमें दो लोग अंदर माल्यार्पण करेंगे जबकि दो लोग बाहर खड़े रहेंगे। वहीं काशीराम चौक भीम नगर निवासी केशव पुत्र सुदामालाल ने मुख्यमंत्री को फैक्स कर दो अप्रैल को भारत बंद की हिंसा में मारे गए दलितों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपए देने तथा उन्हें शहीद का दर्जा देने की मांग की है।
दिनभर अनुमतियों के लिए चक्कर लगाते रहे शादी वाले लोग
शनिवार को संभावित कर्फ्यू की स्थिति को लेकर शादी विवाह वाले परिवार काफी परेशान रहे। कई लोग दोपहर के समय कलेक्टर और एसडीएम दफ्तर के चक्कर लगाते हुए देखे गए। अटेर रोड निवासी अजय श्रीवास ने बताया कि उनकी बेटी का लगुन फलदान कल (शनिवार) गोरमी जाना है। लेकिन समझ नहीं आ रहा है कि प्रशासन उन्हें निकलने देगा या नहीं। कोई अनुमति आदि भी नहीं मिल रही है। इसीप्रकार अन्य लोग भी अनुमतियों के लिए भटकते रहे। लेकिन प्रशासन ने किसी को कोई अनुमति आदि नहीं दी। उधर एसडीएम संतोष तिवारी ने बैंडबाजों और डीजे वालों की बैठक बुलाकर साफ कर दिया है कि शनिवार को किसी भी बारात में डीजे और बैंड नहीं बजेगा। शादी विवाह कार्यक्रम वाले परिसर के अंदर ही बारात निकालें।
जिले में शांति बनाए रखने के लिए पूरे इंतजाम
नहीं दी कलेक्टर ने अनुमति
हमारी पार्टी का कार्यक्रम छत्तरपुर में है। हमने भिंड में हाल में बिना माइक के कार्यक्रम करने की अनुमति मांगी थी। लेकिन कलेक्टर ने नहीं दी। उन्होंने चार लोगों को माल्यार्पण कर जयंती मनाने के लिए कहा है। हम भी उनका सहयोग कर रहे हैं। - दिलीप बौद्ध, जिलाध्यक्ष बीएसपी
हरकत की तो कार्रवाई करेंगे
शनिवार को जिले में धारा 144 का कड़ाई से पालन किया जाएगा। जिले में पूरी तरह से शांति रहेगी। उपद्रवियों से निपटने के लिए हमारे पास पर्याप्त पुलिस और अन्य फोर्स है। यदि किसी ने भी कोई हरकत की तो उसके साथ कड़ाई से कार्रवाई की जाएगी। - प्रशांत खरे, एसपी भिंड
सुरक्षा मंे दुकान बंद रखेंगे
शनिवार को संभावित उपद्रव को लेकर हमने बाजार बंद करने का निर्णय लिया है। माहौल बिगड़ा तो नुकसान होगा। इसलिए अपनी सुरक्षा को लेकर दुकानें बंद रखेंगे। शाम तक यदि हालात सामान्य हुए तो दुकान बाद में खोल लेंगे। - ओमप्रकाश अग्रवाल, अध्यक्ष, व्यापार संघ
कोई कार्यक्रम नहीं होगा
जिले में धारा 144 लागू है। शनिवार को उसका कड़ाई से पालन कराया जाएगा। व्यापारियों ने स्वेच्छा से दुकानें बंद करने का निर्णय लिया है। चार लोगों को एक साथ चलने की परमिशन नहीं होगी। साथ ही जिले में कोई सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं होगा। - डॉ इलैया राजा टी, कलेक्टर भिंड