गांव में पक्की रोड नहीं समस्या से जूझ रहे ग्रामीण
देवगढ़ गांव में कच्चे रास्ते में दलदल, जहां से लोगों को निकलना पड़ता है।
सड़क-पानी की समस्या से जूझ रहे देवगढ़ वासी
भास्कर संवाददाता | ऊमरी
आजादी के बाद से देवगढ़ गांव में पक्की सड़क नहीं बनाई गई है। पानी निकासी की सुविधा तो दूर बरसात के दिनों में ग्रामीणों का मुख्य रोड तक पहुंचने तक का रास्ता बंद हो जाता है। ग्रामीण गांव में रहते हुए भी बदहाली का जीवन व्यतीत कर रहे हैं। मगर अभी तक गांव में शासन व प्रशासन द्वारा मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। सुविधाएं नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों में प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में लोग जनसुनवाई से लेकर सीएम हेल्पलाइन तक शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या को लेकर अभी तक सुनवाई नहीं की गई है।
दलदल में से निकलने को मजबूर हैं ग्रामीण
ग्रामीणों ने गांव की दुर्दशा सुधारने के साथ ही पक्की सड़कें और नालों का निर्माण कर पानी की व्यवस्था कराई जाने की मांग की है। दरअसल देवगढ़ गांव के लोग आज भी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं। गांव के लिए न हीं पक्की रोड बनाई गई है और न हीं पीने के पानी की सुविधा है। ग्रामीण प्रशासन की सेवाओं से वंचित रहकर दलदल में से निकलने को मजबूर हैं। बदहाली में जीवन व्यतीत कर रहे देवगढ़ वासी कई बार शासन व प्रशासन के अधिकारियों के पास समस्या को लेकर पहुंचे हैं, लेकिन विकास के नाम पर गांव शासन के नक्शे में कोसों दूर है। ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के वक्त राजनैतिक लोग वादा करके चले जाते हैं, गांव के सरपंच ने भी चुनाव होने से पहले लोगों को भरोसा दिलाया था कि हम गांव में विकास लाएंगे।
मंजूर रोड की निकाली राशि: देवगढ़ गांव के लिए 2015 में तीन सीसी रोड मंजूर की गई थीं। जिसमें एक रोड मुख्य मार्ग से गांव तक पक्की की जानी थी। गांव के लोगों ने बताया गांव में मंजूर की गई सड़कों की पहली किश्त ठेकेदार के खाते में पहुंच गई है। इसके बाद भी गांव में सड़क निर्माण के लिए एक कदम तक आगे नहीं बढ़ाया गया। जबकि ठेकेदार ने प्रशासन के अधिकारियों के साथ मिलकर निर्माण की राशि पूरी तरह से हड़प ली है। इसके अलावा गांव में विकास कार्यों के लिए सरपंच ने कई योजनाओं का झांसा दिया। मगर वह महज कागजों में सिमटकर रह गई हैं।
हम जांच कराएंगे
गांव में रोड का निर्माण मंजूर किया गया था और पैसा निकाला गया है तो हम जांच कराएंगे। जल्द ही लोगों को रोड की समस्या से निजात दिलाई जाएगी। -संतोष तिवारी, एसडीएम, भिंड