सदर बाजार में फिर से लगने लगे हाथ ठेले 40 की जगह 8 फीट की रह गई सड़क
सदर बाजार में फिर से लगने लगे ठेल।
राज टॉकीज रोड पर लगे ठेले
सदर बाजार के अलावा कुछ ठेला व्यापारी राज टॉकीज रोड पर अपने ठेले लगाकर व्यापार कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में वहां पर भी स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इस संबंध में उनके द्वारा नगर पालिका जनप्रतिनिधिओं और अधिकारियों को अवगत कराया गया है। लेकिन वे इस संबंध में कोई निर्णय नहीं ले रहे हैं। इसके अलावा बंगला बाजार का मुख्य रास्ता पुराने रेलवे स्टेशन, जिला अस्पताल और बस स्टैंड जाने के लिए अहम मार्ग है। लेकिन इस सड़क के पास सब्जी मंडी स्थित होने से सब्जी विक्रेता (ठेले पर सब्जी बेचने वाले) ने यहां पर अतिक्रमण कर रखा है। वे रोड के दोनों ओर हरी सब्जी की दुकानें लगा रहे हैं। जिससे 40 फीट की सड़क सिकुड़कर 8 फीट की रह गई है। इसके अलावा अन्य दुकानदार भी सड़क पर सामान रखकर अवैध कब्जा किए हुए हैं। इस कारण से यहां पर दिन में करीब पांच से छह बार ट्रैफिक जाम होता है। इस स्थिति में कई बार मरीज अस्पताल लेकर आने वाली एंबुलेंस फंस जाती हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन 5 हजार वाहनों का आवागमन होता है।
देखकर भाग जाते हैं ठेले वाले
गत दिवस पुलिस द्वारा सदर बाजार में रोड पर लगने वाले ठेलों को हटाने के लिए कार्रवाई की थी। लेकिन उनकी कार्रवाई से पहले ठेले वाले पुलिस को देखकर बाजार से अपने-अपने ठेले लेकर भाए गए थे। वहीं पुलिस के जाने के बाद फिर से उसी स्थान पर अपना ठेले लगा लिए। ठेला व्यापारियों की इस चालाकी के कारण पुलिस उन पर सख्ती से कार्रवाई नहीं कर पा रही है।
संतोषी माता रोड पर नहीं होता कारोबार: ठेला व्यापारियों का कहना है कि हम लोगों को फरवरी महीने में जिला प्रशासन और नगर पालिका ने संतोषी माता मंदिर रोड के किनारे नाले पर जिला प्रशासन और नगर पालिका द्वारा शिफ्ट तो कर दिया गया था। लेकिन वहां पर खरीदारी करने के लिए लोग नहीं पहुंच रहे थे। वे सामान खरीदने के लिए सीधे बाजार पहुंचते थे। ऐसी स्थिति में हम लोगों का कारोबार काफी प्रभावित हो रहा था।
सख्त कार्रवाई होनी चाहिए
सदर बाजार में ठेला व्यापारियों को कई बार संतोषी मामा मंदिर रोड और महावीर गंज रोड पर प्रशासन द्वारा शिफ्ट किया गया है। लेकिन वे कुछ रोज बाद फिर से बाजार में ठेले लगा लेते हैं। प्रशासन को यहां से ठेले हटाने के लिए सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। -मनोज जैन, स्थानीय व्यापारी, सदर बाजार
ट्रैफिक जाम होता है
बाजार में सड़क पर ठेले लगने से दिन में कई बार ट्रैफिक जाम हो रहा है। ऐसी स्थिति में लोग हमारी दुकानों पर खरीदारी के लिए कम ही आ पाते हैं। इससे हमारा कारोबार प्रभावित हो रहा है। -मयंक जैन, स्थानीय व्यापारी, सदर बाजार
कई बार होता झगड़ा
सदर बाजार में रोड पर फिर से ठेले लगना शुरू हो गए हैं। इससे हमारी दुकानों खरीदारों को दिखाई नहीं देती हैं। बाजार के स्थानीय व्यापारी इन ठेले वालों को जब दुकान के सामने से ठेले हटाने के लिए कहते हैं तो वे झगड़ा करने लगते हैं। -संजीव गुप्ता, स्थानीय व्यापारी, सदर बाजार
ठेले होंगे शिफ्ट
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशासन और नगर पालिका ने अब पूरी तरह से कमर कस ली है। इसके तहत फिर से अभियान चलाकर सदर बाजार और सब्जी मंडी इलाके में लगने वाले ठेलों को अलग-अगल शिफ्ट किया जाएगा। -रामनरेश शर्मा, नपा उपाध्यक्ष, भिंड