ग्राम स्वराज अभियान 14 से, ग्राम पंचायत स्तर पर होंगे कई कार्यक्रम
14 अप्रैल से पांच मई तक किया जाएगा ग्राम स्वराज अभियान का आयोजन
सामाजिक न्याय विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री करेंगे संबोधित
भास्कर संवाददाता | भिंड
ग्राम स्वराज अभियान का आयोजन 14 अप्रैल से पांच मई तक जिले में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान की तिथियों में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर दी गई है। कलेक्टर डॉ इलैया राजा टी ने बताया कि ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत प्रथम दिन शनिवार 14 अप्रैल को अम्बेडकर जयंती के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिला स्तरीय समारोह आयोजित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम सामाजिक न्याय विभाग द्वारा आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करेंगे।
इस अभियान के तहत बुधवार 18 अप्रैल को स्वच्छता भारत पर्व (गांव सफाई अभियान) इस दिन स्वच्छता आंदोलन सभी ग्राम पंचायतों में मनाया जाएगा। विशेषकर जो खुले में शौच से मुक्त नहीं है। इन ग्राम पंचायतों को खुले में शौच से मुक्त बनाने की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के प्रयास किए जाएंगे। ओडीएफ प्लस की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। यह कार्यक्रम पेयजल और स्वच्छता मंत्रालय द्वारा आयोजित किया जाएगा। तीसरे दिन शुक्रवार 20 अप्रैल को उज्जवला योजना के लाभार्थियों को एलपीजी गैस सिलेंडर वितरित किए जाएंगे। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय एलपीजी की सुरक्षा और उपयोगिता स्वच्छ ईधन के उपयोग के स्वास्थ्य लाभ आदि के बारे में उज्ज्वला लाभार्थियों को संवेदीकृत करने के लिए एलपीजी पंचायत बैठकों का आयोजन करेगा।
इसी प्रकार मंगलवार 24 अप्रैल 2018 को पंचायती राज दिवस के तहत ग्राम पंचायत में विशेष ग्रामसभाएं आयोजित की जाएगी। ताकि महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों जैसे टीकाकरण और स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक विकास आदि पर चर्चा की जा सके। पंचायती राज मंत्रालय द्वारा अभियान के माध्यम से उनके आर्थिक और सामाजिक विकास पर केंद्रित कार्यक्रमों सहित ग्रामीण लोगों तक पहुंच बनाने के प्रयास किए जाएंगे। 28 अप्रैल को ग्राम शक्ति अभियान के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के पात्रता प्रमाण पत्र का वितरित किए जाएंगे। 30 अप्रैल को आयुषमान भारत अभियान, दाे मई को किसान कल्याण कार्यशाला, पांच मई 2018 को आजीविका एवं कौशल विकास मेला आयोजित किया जाएगा।
सीईओ जिला पंचायत ने बैठक में अभियान की दी जानकारी
ग्राम स्वराज अभियान को मूर्तरूप देने की दिशा में जिला पंचायत की सीईओ सपना निगम की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभागीय अधिकारियों के अलावा सीईओ जनपद ने हिस्सा लिया। बैठक में सीईओ जिला पंचायत ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अपने क्षेत्रों में ग्राम स्वराज अभियान को व्यवस्थित तरीके से संचालित करें।