नवागत एसपी रूडोल्फ अल्वारेस ने की मीडिया से चर्चा, ली क्राइम मीटिंग
भास्कर संवाददाता | भिंड
अपराधों का निकाल तेजी से होना चाहिए। गुंडे बदमाशों में पुलिस का भय होना चाहिए। साथ ही जनता के बीच पुलिसिंग दिखना चाहिए। इसके लिए लगातार वाहन चेकिंग, अपराधियों की धरपकड़ जैसी कार्रवाइयां सतत चलती रहना चाहिए। यह निर्देश नवागत एसपी रूडोल्फ अल्वारेस ने क्राइम मीटिंग में सभी थाना प्रभारियों और अधिकारियों को दिए। इससे पहले उन्होंने मीडिया से चर्चा कर जिले की भौगोलिक स्थिति और अपराधों की प्रवृत्ति के संबंध में चर्चा की। इस अवसर पर एएसपी डॉ. गुरकरन सिंह, सीएसपी वीरेंद्र सिंह तोमर विशेष रूप से मौजूद रहे।
निष्पक्ष कार्रवाइयों को दिया जाएगा अंजाम
मीडिया से चर्चा करते हुए एसपी ने कहा कि पुलिस द्वारा निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कार्रवाइयों को अंजाम दिया जाएगा। साथ ही रेत के अवैध उत्खनन जैसे अन्य विषयों पर प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ ज्वाइंट ऑपरेशन चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस मीडिया के साथ सकारात्मक रवैये के साथ कार्य करेगी। इस अवसर पर जनसंपर्क अधिकारी जेपी राठौर भी मौजूद रहे।