बीडीओ पुरोहित का एपीओ आदेश निरस्त करने की मांग को लेकर धरना जारी
भीनमाल. मांग को लेकर पंचायत समिति के आगे धरने पर बैठे लोग।
भास्कर न्यूज | भीनमाल
भीनमाल विकास अधिकारी राकेश पुरोहित के एपीओ के आदेश जारी होने के बाद शुक्रवार को भी स्थानीय लोगों ने पुरोहित के समर्थन में एपीओ आदेश को निरस्त करवने की मांग को लेकर पंचायत समिति के बाहर धरना दिया। दोपहर बाद धरना स्थल से सैकड़ों लोगों ने उपखण्ड कार्यालय पहुंच मुख्यमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। लोगों ने बताया कि अगर एपीओ आदेश निरस्त नहीं किया जाता है तो 5 मई से उपखण्ड कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। शुक्रवार को धरनास्थल पर पहुंचे प्रधान धुखाराम पुरोहित ने कहा कि ईमानदार अफसर को एपीओ करना अच्छी बात नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं न्याय के पक्ष में हूं तथा आदेश को निरस्त करवाने के लिए मैं आपके साथ हूं। किसान नेता विक्रमसिंह पूनासा ने कहा कि विकास अधिकारी पुरोहित पर किसी प्रकार का कोई आरोप नहीं है फिर भी उन्हें एपीओ किया गया है। एपीओ आदेश निरस्त नहीं करने से क्षेत्र की जनता में आक्रोश व्याप्त है। इस अवसर पर प्रेमसिंह राजपुरोहित, विहिप के वचनसिंह राव, नरेश अग्रवाल, किसान नेता सुरेश व्यास, रामलाल पुरोहित, पूनमाराम विश्रोई, नरपतसिंह, सुरेश राजगुरू घासेडी, अर्जुन पुरोहित, दानाराम, बाबूलाल परमार, बगदाराम छीपा, सांवलाराम पुरोहित, जयंतीलाल चौहान, सोमापुरी, गणपतलाल विश्रोई, जेताराम विश्रोई, छगनाराम चौधरी निम्बावास आदि संगठनों के लोग उपस्थित रहे।