पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • युवाओं की पहल पर सीसीटीवी की निगरानी में रहेंगे भागलसेफ्टा, नासोली व सरथला गांव

युवाओं की पहल पर सीसीटीवी की निगरानी में रहेंगे भागलसेफ्टा, नासोली व सरथला गांव

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भगवानसिंह सांगाणा/ मंगलाराम जांगिड़ | भीनमाल

युवाओं की पहल पर भामाशाह के सहयोग से भीनमाल तहसील का भागलसेफ्टा ग्राम पंचायत अब हाईटोक होने जा रही है। सड़कों की निगरानी और आपराधिक घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से अब पूरे गांव में 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे है। गांव में चोरी की घटनाओं और संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। दरअसल, गांव में करीब आठ माह पहले एक गरीब व्यक्ति के साथ लूट की घटना हो गई थी, उस समय पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे से ही लूट का पर्दाफाश हुआ था और पुलिस आरोपियों तक जल्द पहुंचने में कामयाब हुई थी। इसी से सबक लेते हुए युवाओं ने पूरे गांव में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। युवाओं के सहयोग से करीब 4 लाख रूपए की लागत से अब पूरे गांव में 16 सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य पिछले 15 दिनों से जोरो पर चल रहा है। करीब दो माह में यह कार्य पूर्ण होने पर पूरा गांव सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगा।

ग्राम पंचायत से होगी मॉनिटरिंग : आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए भागलसेपफ्टा में लगाए जा रहे कैमरों की निगरानी के लिए ग्राम पंचायत में रिकॉर्डर व एलसीडी टीवी लगाए जा रहे है। किसी भी समय सीसीटीवी फुटेज खंगालने के ग्राम पंचायत कार्यालय में एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। सीसीटीवी की मदद से किसी घटना की जांच-पड़ताल करने में पुलिस को भी मदद मिल सकेगी।

लूट की वारदात के बाद पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज देखकर पुलिस ने किया था आरोपी को गिरफ्तार, इसी से जागरूक होकर अब पूरे गांव में लगा रहे कैमरे

भीनमाल. ग्राम पंचायत कार्यालय में लगाया गया रिकॉर्डर।

सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगा पूरा गांव

भागलसेफ्टा ग्राम पंचायत के अंतर्गत नासोली, सरथला सम्मिलित है इस गांव को स्थानीय भाषा में पांच पादरा भी कहते है। गांव का क्षेत्रफल भी विस्तृत रूप से फैला हुआ है। गांव में आपराधिक घटनाओं को देखते हुए अलग-अलग जगहों पर 16 कैमरे लगाए जा रहे है जिसमें नासोली मैन गेट, आम चौहटा, गौशाला, सरथला आम चौहटा, भबूतगिरि स्टेशन तथा गांव के सभी ऐसे मुख्य मार्गो पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे है जहां से ही गांव में प्रवेश हो रहा हो।

संभवत : जिले का पहला ऐसा गांव होगा जिसके हर रास्ते पर कैमरों की नजर होगी। ग्रामीणों का मानना है कि इससे गांव में चोरी व अन्य वारदातों पर रोक लगेगी।

ऐसे आया विचार | समाजसेवी रामलाल सोलंकी व शैतानसिंह चौहान ने बताया कि 16 अक्टूबर 2017 को गांव के एक गरीब युवक की कान में पहनी मुरकी लूटकर फरार हो गए थे। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस को पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे से अहम सुराग हाथ लगे थे तथा इसी के जरिए वह आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब हुई थी। इसी घटना को लेकर समाजसेवी रामलाल सोलंकी व शैतानसिंह चौहान ने ग्रामीणों को कैमरे लगाने के लिए जागरूक किया जिस पर सभी ग्रामवासी सहमत हो गए। इस पर युवाओं व ग्रामीणों की मौजूदगी में सर्वे करवाकर गांव की प्रमुख जगहों पर सीसीटीवी लगवाने का निर्णय लिया।

गांव में पुलिस गश्त का अभाव रहने के कारण क्राइम बढ रहा है इसलिए हमारे गांव की सुरक्षा के लिए हमने कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। इससे गांव में सीसीटीवी कैमरे लगने के बाद अगर कोई आपराधिक घटना होती है तो कैमरो की सहायता से काफी मदद मिलेगी। कैमरे लगने के बाद आपराधिक घटनाओं में भी कमी आएगी। -रामलाल सोलंकी, समाजसेवी

भीनमाल। भागलसेफ्टा गांव में लगाए जा रहे कैमरे।

भविष्य में किसी प्रकार का गांव में क्राइम होगा तो पुलिस को सुलझाने में सुविधा रहेगी। इस कार्य को जल्द ही पूरा करने के लिए कवायद की जा रही है। दिन व रात्रि के समय गांव में संदिग्ध व्यक्तियों पर सीसीटीवी लगने के बाद निगरानी रहेगी। -शैतानसिंह चौहान, समाजसेवी

खबरें और भी हैं...