पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कचरा उठाने के लिए रोजाना घूमते हैं टेंपो, फिर भी जगह जगह लगे हैं ढेर

कचरा उठाने के लिए रोजाना घूमते हैं टेंपो, फिर भी जगह-जगह लगे हैं ढेर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
केन्द्र सरकार की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के तहत करोड़ों रुपए खर्च कर अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन भीनमाल नगरपालिका स्वच्छता को लेकर कतई गंभीर नहीं दिख रही है। शहर की कॉलोनियों के गली-मौहल्लों में लगे कचरे के ढेर पालिका प्रशासन की स्वच्छता को लेकर गंभीरता की पोल खोलते नजर आ रहे हैं। कचरा उठाने के लिए रोजाना शहर के वार्डों में टेंपो भी चलते हैं मगर नगरपालिका सफाईकर्मी मौहल्लों का कचरा मिनी ट्रॉली के जरिए बरसाती नालों में खाली कर रहे हैं। इस वजह से बरसात के समय ये नाले अवरुद्ध हो जाते हैं। सफाई व्यवस्था में मॉनीटरिंग के अभाव के चलते शहरवासियों को लंबे समय बदहाल सफाई व्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है।

नालों में डाला जा रहा है कचरा : शहर के धोराढाल स्थित जाकोब तालाब जाने वाले नाले में सफाई कर्मचारी मालियों के वास, घांचियों का वास, भाटों का वास का कचरा लाकर मिनी ट्रॉली के जरिए अलग-अलग जगह खाली करते हंै जबकि नाले में किसी तरह का कचरा पॉईंट निर्धारित नहीं किया हुआ है। हर रोज इस नाले में कचरा डालने की वजह से बारिश के समय नाला अवरुद्ध हो जाता है और इस वजह से आसपास के घरों में पानी घुस जाता है। इस संबंध में मौहल्लेवासियों ने कचरा नहीं डालने के लिए कई बार पालिका को अवगत करवाया मगर स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसी तरह शहर के खजूरिया नाला, जुंजाणी रोड नाला में भी कचरा डाला जा रहा है।

पॉश कॉलोनियों में भी लगे कचरे के ढेर : शहर की माघ कॉलोनी, नवलकेश्वर कॉलोनी, माहेश्वरी कॉलोनी, खारा कुआं राजेन्द्र कॉलोनी, बाबा रामदेव इत्यादि कॉलोनियों में भी सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। लोगों ने बताया कि सिर्फ नाके पर ही सफाई होती है अंतिम छोर तक सफाईकर्मी पहुंचते ही नहीं है। माघ कॉलोनी में पंचायत समिति के पास स्थित गली में स्टेशन रोड का पूरा कचरा लाकर खाली किया जाता है। यहां हर समय कचरे के ढेर लगे रहते हैं मगर कचरा उठाने के लिए कोई पहुंचता ही नहीं है।

परेशानी

बरसाती नालों में डाला जा रहा कचरा, बारिश के समय नाले होते अवरुद्ध, बेसहारा पशुओं का लगा रहता है जमघट

भीनमाल. शहर में जगह-जगह पड़ा गंदगी।

कचरा पॉइंटों का नहीं निर्धारण

पालिका प्रशासन की उदासीनता के चलते कई जगहों पर कचरा पॉइंट निर्धारित नहीं किए गए हैं जिसकी वजह से शहर में गंदगी का आलम नजर आ रहा है। सफाईकर्मियों को भी पॉइंट के अभाव में कचरा डालने में परेशानी होती है और बिना निर्धारित पॉइंट पर कचरा डालने की वजह से मौहल्लेवासियों का विरोध भी झेलना पडता है। पालिका प्रशासन अगर कचरा डालने के लिए बाकी रही जगहों पर पॉइंट निर्धारित करे तो शहरवासियों को राहत मिल सकती है।

व्यवस्था में बदलाव करेंगे

सफाई व्यवस्था को लेकर हमारे पास पर्याप्त कर्मचारी उपलब्ध है। कचरा डालने के लिए पॉइंट निर्धारित किए जाएंगे। सफाईकर्मी अगर नालों में कचरा डाल रहे है इस बारे में मुझे जानकारी नहीं। इस बारे में पता करवाएंगे। -अरूण कुमार शर्मा, अधिशाषी अधिकारी, नगरपालिका भीनमाल

दिनभर घूमते रहते हैं बेसहारा पशु

माघ कॉलोनी में मेरे घर के पास हमेशा कचरे के ढेर लगे रहते हैं जिसके पास आवारा पशु दिनभर घूमते रहते हैं। रोडलाईट भी बंद रहने से रात्रि में इस गली से गुजरने से डर लगता है। -मीनादेवी, गृहणी, भीनमाल

खबरें और भी हैं...