पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • लूट की वारदातों से भय, बदमाशों का सुराग नहीं लगा पा रही पुलिस

लूट की वारदातों से भय, बदमाशों का सुराग नहीं लगा पा रही पुलिस

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर के फूलबाग थाना क्षेत्र में बदमाशाें ने दो दिन में जिस तरह दिनदहाड़े कानून व्यवस्था का मखौल उड़ाकर आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया, उसने इलाके की कानून व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। एक ओर जहां पुलिस का मुखबिर तंत्र असफल होता नजर आ रहा है वहीं पुलिस गश्त भी सवालों के घेरे में है। पिछले दो दिन से जिस तरह लूट की वारदातों को अंजाम दिया गया, उससे पुलिस की भूमिका पर सवालिया निशान लग रहे हैं।

ज्ञातव्य है कि रविवार को शहर के अलवर बाइपास पर हरीश बेकरी के बाहर से बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से दस तोला सोने की चेन तोड़ ली थी। बेहद भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात को बाइक पर आए दो युवकों ने बहुत सहजता से अंजाम दिया और बेखौफ फरार हो गए। इनमें से बाइक चालक ने जहां हेलमेट लगा रखा था वहीं उसके साथी ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। चेन की कीमत करीब एक लाख 40 हजार रुपए बताई गई थी। पुलिस इस मामले के आरोपियों तक पहुंच भी नहीं पाई कि अगले ही दिन सोमवार को फिर से फूलबाग थाना क्षेत्र में पुलिस काे बदमाशों ने दिनदहाड़े सात लाख रुपए लूटकर खुला चैलेंज दे दिया। शहर के लक्कड चौराहे पर एक मनी ट्रांसफर फर्म पर काम करने वाले युवक से बाइक सवार तीन बदमाश हथियारों के बल पर सात लाख रुपए से भरा बैग लूटकर ले गए। पुलिस घटना के बाद नाकाबंदी और सीसीटीवी खंगालने में लगी है।

डराती है काली पल्सर

आैद्याेगिक क्षेत्र भिवाड़ी में अक्सर मोबाइल छीनने या लूट की वारदातों में विशेषकर काले रंग की पल्सर बाइक का ही इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में लोग भी अब काले रंग की पल्सर को देखकर कुछ सावधानी बरतने लगे हैं। पिछले दो दिन में हुई वारदातों में भी पल्सर बाइक का इस्तेमाल किया गया। जांच की कार्रवाई में भी पुलिस सबसे पहले पल्सर बाइक सवारों को रोककर पूछताछ करती है। पल्सर बदमाशों की पसंदीदा बाइक बन चुकी है।

अपराधियों में नहीं पुलिस का डर

शहर में जिस तरह आए दिन मोबाइल छीनने, चैन स्नेचिंग व लूट की वारदाते हो रही हैं, उससे साफ है कि बदमाशों में पुलिस का खौफ रहा ही नहीं। शहर में पुलिस को आमजन में अपना विश्वास कायम करने की आवश्यकता है। संदीप दायमा, सभापति नगरपरिषद भिवाड़ी।

शहर के हालात खराब हो चले हैं। व्यापारी वर्ग तो छोडिए आमजन भी सड़क पर चलते समय स्वयं को असुरक्षित महसूस करने लगा है। पुलिस को शहर में प्रभावी कानून व्यवस्था कायम करने की जरुरत है। -एडवोकेट मोहिनी विजय सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष महिला कांग्रेस, भिवाड़ी

शहर में पुलिस गश्त को और प्रभावी किया जाएगा। दोनों मामलों के खुलासे में पुलिस जुटी हुई है। शीघ्र ही सकारात्मक परिणाम सामने होंगे। -नेमीचंद खारिया, सीओ भिवाड़ी

राह चलते लोगों से मोबाइल छीनने वाला गिरोह सक्रिय, युवक का मोबाइल छीना

भास्कर न्यूज | टपूकड़ा

औद्योगिक क्षेत्र खुशखेडा में राहगीरों से मोबाइल छीनने वाला गिरोह सक्रिय है। रोजाना वारदातें हो रही हैं। लोगों के शिकायत करने के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। शनिवार सुबह योगेश कुमार पुत्र राजबीर हाल निवासी कर्मपुर होण्डा चौक की तरफ जा रहा था। इसी दौरान जब उसका फोन बजा तो उसने जेब से मोबाइल निकाल कर बात करना शुरू कर दिया। अचानक सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो लोगों ने झटके से उसका मोबाइल छीना और फरार हो गए। योगेश शोर मचाता रह गया। इस संंबंध में पीड़ित योगेश ने खुशखेडा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, लेकिन मोबाइल चोरों का पता नहीं चला। लोगों का कहना है कि यहां आए दिन ऐसी वारदातें हो रही हैं, और आमजन में भय व्याप्त हो रहा है।

खबरें और भी हैं...