नवीन के हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए ज्ञापन सौंपा
बानसूर निवासी खराद की दुकान पर मजदूरी करने वाले नवीन की हत्या का एक माह गुजरने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर बुधवार को विप्र विकास संस्थान भिवाड़ी की ओर से नगर परिषद आयुक्त को राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा गया। अध्यक्ष आकाश मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 18 तहसीलों एवं उपखंडों में यह ज्ञापन दिया गया है। इस संबंध में 19 अप्रैल को मामला दर्ज किया था। उपलब्ध फुटेज में तीन लोग शव ले जाते साफ दिख रहे हैं। नामजद मामला दर्ज होने के बाद भी आराेपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। ज्ञापन देने वालों में पार्षद उदयनारायण तिवाड़ी, विजय शर्मा, संदीप शर्मा, अशोक कौशिक, कंचन तिवाड़ी, नित्या त्रिपाठी, सीमा शर्मा, आशुतोष तिवाड़ी आदि मौजूद थे।
तिजारा : 19 अप्रैल को मुंडावर-सोडावास रोड स्थित खराद-वेल्डिंग की दुकान के सामने खाली प्लॉट पर गांव उछापुर तहसील बानसूर निवासी नवीन शर्मा की संदिग्ध अवस्था में लाश बरामद हुई। घटना को लेकर परिजनों द्वारा सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने के बाद पुलिस ने 2 मई को नामजद मामला दर्ज किया लेकिन घटना के एक माह बीत जाने के बावजूद इस मामले में कार्रवाई नहीं होने पर ब्राह्मण समाज तिजारा ने नाराजगी जताई है। ब्राह्मण समाज ने शीघ्र ही आरोपों को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। इस संबंध में ब्राह्मण समाज तिजारा ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर उमाशंकर शर्मा, सूर्यकांत शर्मा, विवेक शर्मा, केदार प्रसाद, राहुल शर्मा आदि मौजूद थे।
कोटकासिम : नवीन शर्मा हत्याकांड मामले में कार्रवाई की मांग काे लेकर बुधवार को युवा ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष चतुर्भुज के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी विश्वामित्र मीणा के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। ज्ञापन देने वाले में डाॅ. अरुण मुदगल, एडवोकेट सिद्धांत चतुर्वेदी, निखिल कौशिक, हरीश शर्मा, तरुण शर्मा, एडवोकेट नरहरि, श्रीनिवास शर्मा सहित युवा ब्राह्मण समाज के सदस्य मौजूद थे।
भिवाड़ी. आराेपियों की गिरफ्तारी के लिए आयुक्त को ज्ञापन देते विप्र समाज के लोग।