क्षेत्र में शनिवार दोपहर आई तेज आंधी और बारिश से कई इलाकों में बिजली के पोल और पेड़ टूट गए। इससे भिवाड़ी सहित कई गांवों में बिजली बंद हो गई। बारिश से तापमान में तो गिरावट हुई, लेकिन 2 घंटे बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से लोग परेशान होते रहे। मौसम विभाग ने अगले कुछ और दिन मौसम में अचानक उतार-चढ़ाव बने रहने की चेतावनी दी है। अगले 24 घंटे में दोपहर तक तापमान में तेज बढ़ोतरी और इसके बाद 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। शनिवार को भी 50 से 70 किमी की रफ्तार से आई आंधी सड़क पर लगे यातायात पुलिस के बेरीकेड्स, होर्डिंग्स और बैनर उड़ा ले गई। हवा में छायी धूल के कारण दृश्यता कम हो गई और वाहन चालकों को हाईवे पर लाइट जलानी पड़ी।
टपूकड़ा : शनिवार की शाम क्षेत्र के मौसम में अचानक बदलाव आया और तेज हवा के साथ आंधी चलने लगी जिसके बाद हल्की बूंदाबांदी हुई जिससे मौसम ठंडा हो गया। टपूकड़ा क्षेत्र में तेज आंधी के चलते कई जगहों पर लोगों की टीने उड़ गई। विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। मौसम में रोजाना आ रहे बदलाव के चलते कपास उगाने वाले किसान परेशान हैं। आंधी व बूंदाबांदी से कपास की फसल प्रभावित होगी।
कोटकासिम : शनिवार को दोपहर करीब 3 बजे तेज अंधड़ और बारिश से कई जगह छप्परपोश मकानों के छांद और टीनशेड उड़ गई। काफी संख्या में विद्युत पोल और पेड गिर गए। क्षेत्र के बैरावास कला में घरों के टीनशेड उड़ने से घरेलू सामान भी इधर-उधर बिखर गया। अचानक बदले हुए मौसम से पड़ रही भीषण गर्मी से ग्रामीणों को राहत मिली शाम को मौसम सामान्य हो गया।
शाहबाद : ग्राम मे दोपहर करीब ढाई बजे अंधड़ व बारिश आई, दो बजे से ही मौसम खराब होने लगा था, फिर ढाई बजे के आसपास पहले अंधड़ आया उसके बाद बारिश, अंधड़ से पेड टूट गए कई पेड जड़ से उखड़ गए,पेड पौधों को काफी नुकसान हुआ है।
भिवाड़ी. आंधी के बाद शहर का दृश्य।
तीन गांवों में छह पोल टूटे
तेज आंधी के चलते शहर से लेकर गांव तक बिजली गुल हो गयी। जगह-जगह बिजली के पोल गिरने व तार टूटने से एक के बाद एक फीडर में फॉल्ट आता चला गया। बिजली निगम के एईएन चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि शनिवार को तेज आंधी के चलते रामपुरा, साहडोद व सांथलका गांव में छह बिजली के खंभे टूटे है। बिजली के उपकरणों में भी खराबी आई है। करीब दो घंटे तक बिजली सप्लाई बाधित रही।