भिवाड़ी| खाद्य विभाग अलवर की टीम ने गुरुवार को भिवाड़ी में चार स्थानों पर कार्रवाई कर बिरयानी, रसगुल्ला, पनीर व सॉस के नमूने लिए। वहीं अलवर बाइपास पर बिना लाइसेंस के संचालित होते पाए गए एक चिकन सेंटर को नोटिस भी थमाया गया है। खाद्य निरीक्षक जीतसिंह यादव ने बताया कि भिवाड़ी के अलवर बाइपास पर संचालित शमा चिकन सेंटर से वेज बिरयानी के नमूने लिए गए। सेंटर पर संचालन का कोई लाइसेंस नहीं मिलने पर संचालक को नोटिस थमाया गया है। साथ ही बिना लाइसेंस के संचालन नहीं करने के लिए पाबंद किया है। बाइपास पर ही जोधपुर मिष्ठान भंडार से टीम ने रसगुल्ला का नमूना लिया। वहीं सेंट्रल मार्केट के समीप सब्जी मंडी में एक पनीर विक्रेता के यहां से पनीर का नमूना लिया गया है। वहीं औद्योगिक क्षेत्र में स्थित डॉ. ओटेकर कंपनी से वेज मेयोनीज व टोमेटो कैचअप का नमूना लिया। जिनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।