पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • दुकानदार पर उड़ेला पेट्रोल, ठेली में आग लगाई, दो दुकानों में तोड़फोड़

दुकानदार पर उड़ेला पेट्रोल, ठेली में आग लगाई, दो दुकानों में तोड़फोड़

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर के फूलबाग थाना क्षेत्र में बदमाशों के बेखौफ घटनाओं को अंजाम देने का सिलसिला रूकने का नाम नहीं ले रहा। लगातार तीन दिन से बदमाश फूलबाग थाना पुलिस को खुला चैलेंज देकर वारदात पर वारदात किए जा रहे हैं। रविवार को चेन स्नेचिंग, सोमवार को सात लाख की लूट के बाद मंगलवार की रात थाने से कुछ दूरी पर ही मौजूद घटाल गांव में बदमाशों ने खुलकर गुंडागिर्दी की। गन्ने के रस की ठेली लगाने वाले एक बिहार के परिवार की महिला के साथ पहले बदमाशों ने छेड़छाड़ की फिर मारपीट और जब पीडि़त पुलिस को बुला लाए तो बदमाश मौके से भाग गए। पुलिस की पीठ फिरते ही बदमाश फिर आए और पीडि़त और उसकी ठेली पर पेट्रोल उडेल दिया। बदमाशों ने ठेली में आग लगा दी। पास की एक दुकान का ताला तोड़ दिया और एक अन्य दुकान के सीसीटीवी को भी उखाड़ दिया। पीडि़तों ने पुलिस को मामले की शिकायत लिखित में दी है।

बिहार निवासी प्रिया व उसके पति गणेश ने बताया कि वो घटाल गांव में रहकर गन्ने की जूस की ठेली लगाते हैं। यहां उन्होंने एक दुकान किराए पर ले रखी है। जहां मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे नशे में धुत कुछ युवक आए और प्रिया को अकेला पाकर उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। उसने शोर मचाया तो पडौसी जुट गए। पीडि़ता का पति भी मौके पर आ गया। उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। पीडि़त तुरंत मामले की जानकारी देने फूलबाग थाना पहुंचा, जहां रात की गश्त में घूम रही कोबरा टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जिसे देखकर आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस चली गई तो बदमाश वापस आए बाइक से पेट्रोल निकालकर गणेश व उसकी ठेली पर उडेल दिया और ठेली में आग लगा दी। इसके बाद पास ही स्थित प्रताप की परचून की दुकान का एक ताला तोड़ दिया। बाहर रखे कोल्ड ड्रिंक की क्रेट तोड़ डाली। इसके समीप ही सतनाम इलेक्ट्रोनिक की दुकान के बाहर लगे एक सीसीटीवी कैमरे को उखाड़ दिया। बाद में सूचना पर पुलिस फिर से मौके पर पहुंची, लेकिन बदमाश फरार हो गए। घटना को लेकर प्रिया प|ी गणेश व दुकानदार प्रताप सिंह पुत्र श्रीराम की ओर से नामजद रिपोर्ट दी गई है।

भिवाड़ी. घटाल गांव में बदमाशों द्वारा ठेली में लगाई गई आग।

लूट के मामले में मशक्कत जारी

वहीं अलवर बाइपास पर रविवार को हुई चैन स्नेचिंग व सोमवार को सात लाख की लूट के मामले में पुलिस अभी भी प्रयास जारी रहने की बात कह रही है। वहीं सूत्रों ने बताया कि पुलिस के हाथ नकदी लूट प्रकरण में कुछ अहम तथ्य हाथ लगें है। जिनके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है।

थड़ी में सिलेंडर फटा, 4 बाइकें जलकर राख

टपूकड़ा. आग से जली चार बाइक।

टपूकड़ा| औद्योगिक क्षेत्र खुशखेड़ा में माईक्रोमेक्स कंपनी के सामने लगी एक थड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरी थड़ी में आग फैल गई। आग से थड़ी के अंदर रखे चार सिलेंडरों में से एक सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया और थड़ी के समीप खड़ी चार बाइकों ने भी आग पकड़ ली। सिलेंडर फटने के दौरान थड़ी में मौजूद लोग व आसपास बैठे लोग दूर भाग गए। ग्रामीणों की सूचना पर खुशखेड़ा से दमकल मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से फायर इंचार्ज जलसिंह ने आग पर काबू पाया लेकिन जब तक थड़ी सहित पास खड़ी चारों बाइक जलकर राख हो गई। समय रहते दमकल कर्मियों के आग पर काबू पाने के कारण थड़ी में रखे तीन सिलेंडर फटने से बच गए। सूचना पर खुशखेड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरु की।

खबरें और भी हैं...