भिवाड़ी. सोमवार को एएसपी कार्यालय पर पहुंचे अधिवक्ता।
भास्कर न्यूज | भिवाड़ी
रेवाड़ी के वकीलों व फूलबाग थाना पुलिस के बीच हुए विवाद की जांच के लिए गृहमंत्री के निर्देश पर सोमवार को जयपुर रेंज आईजी हेमंत प्रियदर्शी भिवाड़ी पहुंचे। आईजी हेमंत प्रियदर्शी सोमवार सुबह करीब 11 बजे भिवाड़ी के फूलबाग थाने पहुंचे। जहां उन्होंनें पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। इसके बाद आईजी प्रियदर्शी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर रेवाड़ी के पीडि़त वकीलों से मामले की जानकारी ली और उन्हें अलग-अलग बुलाकर उनके घटनाक्रम के संबंध में बयान दर्ज किए। 11 मई की रात शांतिभंग के आरोप में फूलबाग थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए केशव नाम के युवक का पक्ष लेकर सबसे पहले आने वाले रेवाड़ी के वकील विजय से आईजी ने करीब दो घंटे तक मामले की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद अन्य चार अधिवक्ताओं से भी घटनाक्रम के संबंध में अलग-अलग बुलाकर जानकारी ली गई। वकीलों के बयान लेने की प्रक्रिया काफी लंबी चली। आईजी प्रियदर्शी ने बताया कि जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी। वहीं रेवाड़ी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रविन्द्र यादव ने बताया कि पूर्व में प्रस्तावित 25 मई की अलवर बैठक का कार्यक्रम अभी यथावत रहेगा। पुलिस के अधिवक्ताओं के रवैये के विरोध में इस दिन पंजाब, हरियाणा व राजस्थान के अधिवक्ता एक दिन का सामूहिक कार्य बहिष्कार करेंगे। इस दौरान रेवाड़ी बार संघ के अध्यक्ष रविन्द्र यादव, भिवाड़ी बार संघ के अध्यक्ष राकेश दायमा, ज्ञानचंद, गजेश कुमार, सुरेश राव, जोगेंद्र राव, गजराज, प्रदीप, केआर खुराना, राजेन्द्र सिंह, हरकेश, नरेन्द्र राव, अमर सिंह, राजीव यादव आदि मौजूद थे।