पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बीसीए की पढ़ाई में एटीएम हैकिंग सीखी, फिर 8 साल में की सैकड़ों ठगी

बीसीए की पढ़ाई में एटीएम हैकिंग सीखी, फिर 8 साल में की सैकड़ों ठगी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
राजस्थान सहित 7 से अधिक राज्यों में एटीएम हैंग कर एक हजार से ज्यादा वारदात करने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। करीब 8 साल से वारदातें कर रहे 26 साल के आरोपी युवक को यह तक याद नहीं कि कितनी वारदातें कर चुका है। वह बीसीए द्वितीय वर्ष का छात्र है और पढ़ाई के दौरान ही एटीएम हैंग करने के तरीके सीखे। फिर अपने दोस्तों के साथ गैंग बनाई और उन्हें भी ट्रिक सिखाई। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि गैंग ने नगालैंड, पश्चिम बंगाल तक वारदातें कीं। हवाई जहाज से वारदातें करने आते-जाते थे। हैंग करने के अलावा एटीएम कार्ड बदलकर भी वारदात करते थे। सीओ सिद्घांत शर्मा ने बताया कि गैंग के सरगना शकील अहमद (26) पुत्र वहीद मेव निवासी मालुका थाना बहीन जिला पलवल हरियाणा को भिवाडी के समीप ग्वालदा मोड़ से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। इसे वारदात में इस्तेमाल करते थे। उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। यूआईटी थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में आठ सदस्यों की टीम ने गैंग का पर्दाफाश किया।

भिवाड़ी. भिवाड़ी में पुलिस की गिरफ्त में एटीएम हैकर्स गैंग का सरगना।

जानिए कैसे ठगते थे आपको ... अब सतर्क रहिएगा

गैंग सुनसान व बिना गार्ड वाले एटीएम को निशाने पर रखती।

पहले गैंग का एक सदस्य एटीएम में घुसकर एटीएम हैंग कर लेता।

जब कोई रुपए निकालने आता तो पहले से ही मौजूद गैंग का सदस्य पिन नंबर देख लेता था।

एटीएम खराब होने और अपने भी रुपए नहीं निकलने की बात कह बाहर निकल जाता।

तुरंत बाद गैंग का दूसरा सदस्य एटीएम से रुपए निकाल लेता। मदद के नाम पर एटीएम कार्ड बदलकर भी गैंग ने कई लोगों की जीवन की कमाई पार की।

आमतौर पर माह की 5 से 10 तारीख के बीच वारदात करते। गैंग ने हिन्दी भाषी राज्यों में सर्वाधिक वारदाते की हैं।

फ्लाइट से जाता वारदात को अंजाम देने

पुलिस ने बताया कि शकील की गैंग ने राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, नगालैंड में वारदातें की हैं। पहले गैंग के कुछ सदस्य रैकी करते हैं। वारदात करने के बाद नई जगह रैकी शुरू कर देते। एटीएम से ठगी रकम से महंगे होटलों में रुकते हैं। उनकी लाइफ स्टाइल ऐसी कि कोई उन पर शक न कर सके। कई मर्तबा वारदात के लिए आरोपी ने गैंग के सदस्यों के साथ हवाई यात्रा भी की। गैंग हर माह अलग-अलग राज्यों में आठ से दस वारदातें करती है।

गांव में शानदार मकान, शादी भी इसी कमाई से

आरोपी शकील ने कहा कि उसे खुद याद नहीं की कितनी वारदातें की। सबसे ज्यादा वारदातें मध्यप्रदेश में की। यूपी व राजस्थान सीमा से मध्य प्रदेश में जाते थे। ठगी की कमाई से गांव में शानदार मकान बनाया। शादी भी पूरी शानो-शौकत से की। पुलिस उसके दूसरे राज्यों में किसी पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने में भी जुटी है। अभी तक हरियाणा में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट का एक मामला सामने आया है।

इस मामले ने पहुंचाया अंतरराज्यीय गैंग तक

भिवाड़ी में अन्नपूर्णा वैन के चालक करौली निवासी दानसिंह मीणा ने 27 फरवरी को एटीएम हैंग कर रुपए निकाल लिए जाने का मामला दर्ज कराया था। उसने बताया कि बस स्टैण्ड स्थित एटीएम पर रकम नहीं निकली तो वहां खड़े दो युवकों ने मदद के नाम पर उसका एटीएम कार्ड लिया। फिर भी पैसे नहीं निकले तो वह लौट आया। कुछ देर बाद 20 हजार रुपए निकल जाने का मैसेज आया। इसी मामले की टोह लेते पुलिस शकील के गैंग पहुंची।

एसपी ने की सम्मानित करने की घोषणा

अंतराराज्यीय गैंग की गिरफ्तारी के बाद जिला पुलिस अधीक्षक राहुल प्रकाश ने पुलिस की विशेष टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। पुलिस टीम में यूआईटी फेज थर्ड थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक सत्यनारायण, एएसआई अमीलाल, कांस्टेबल उपेंद्र सिंह, लक्ष्मण, अब्दुल सत्तार, ओमप्रकाश व संदीप शामिल थे।

खबरें और भी हैं...