नए सफाईकर्मियों की होगी भर्ती, सुधरेंगे हालात
भिवाड़ी के विकास की बागडोर नगर परिषद के पास हो, लेकिन उसके अपने हालात ठीक नहीं। न संसाधन हैं और न ही कर्मचारी। गठन के पांच साल बाद भी जनता को उससे विकास का इंतजार है। शहर की सफाई से लेकर सरकारी योजना लागू करने तक, हर मुद्दे पर नप का कामकाज कठघरे में है। ऐसे ही सवालों को लेकर भास्कर ने नगर परिषद के आयुक्त शिवभगवान गठाला से बातचीत की।
सवाल : नगर परिषद का प्रमुख कार्य साफ सफाई का है, लेकिन भिवाड़ी सफाई कार्य ठप है। कर्मचारी भी नहीं हैं। क्या वजह हैं?
जवाब : नगर परिषद का गठन 2013 में हुआ और अच्छा काम कर रहे हैं। एक बार सफाई कर्मचारियों की भर्ती निकाल चुके हैं। साक्षात्कार भी लिए, लेकिन कुछ खामियों के चलते भर्ती निरस्त हो गई। अब राज्य सरकार नए सिरे से 21 हजार से अधिक सफाई कर्मी भर्ती करने जा रही है। जल्द समस्या दूर हो जाएगी।
सवाल : भिवाड़ी में सफाई कार्य का क्या सिस्टम है और इसके लिए बजट कितना उपलब्ध है?
जवाब : हमने नप क्षेत्र को 9 जोनों में बांट रखा है। ठेके पर सफाई होती है। हर जोन में 15 से 40 तक सफाई कर्मी लगाए हैं। वित्तीय वर्ष 2018-19 का कुल बजट 12 करोड़ 50 लाख रुपए का है। हम अपने काम पर पूरा ध्यान दे रहे हैं।
सवाल : डोर-टू-डोर कचरा उठाने की व्यवस्था का कोई परिणाम नजर नहीं आ रहा।
जवाब : बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए यह काम हाथ में लिया गया। वर्तमान में 10-12 वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा उठाया जा रहा है। नगर परिषद की आम बैठक में 100 कचरा पात्र, 10 ऑटो टिपर कचरा उठाने के लिए खरीदने पर स्वीकृति हुई थी। और भी जरूरी संसाधन आ रहे हैं। करीब 500 छोटे कचरा पात्र भी जल्द ही लगाए जाएंगे।
सवाल : नगर परिषद में कर्मचारी आए दिन हड़ताल पर जाते हैं, क्या कारण है...?
जवाब : नगर परिषद में कुछ कर्मचारी ठेके पर लगे हुए हैं। जिनका वेतन भुगतान ठेकेदार करता है। समय पर वेतन नहीं मिलने पर कर्मचारी हड़ताल करते हैं। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हमारे पास संसाधन नहीं हैं। सभी काम ठेके पर कराए जाते हैं। बड़े कचरा पात्र को उठाने के लिए केवल दो मशीनें ही हैं।
सवाल : भविष्य को लेकर नगर परिषद की क्या योजनाएं हैं...?
जवाब : वर्तमान में नगर परिषद के पास न तो अपना भवन है न ही पूरे कर्मचारी हैं। इन सभी समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य सरकार को भी पत्र लिखा गया है। पुरानी योजनाओं के साथ-साथ नई योजनाएं भी बनाई जा रही हैं। इसका लाभ जल्द ही भिवाड़ी वासियों को मिलेगा।
शिव भगवान गठाला
सफाई और सरकारी योजनाओं को लेकर नप आयुक्त से बातचीत