पुलिस को देख भाग रहा युवक बाइक चोर निकला
टपूकड़ा| पुलिस ने टपूकड़ा मेन हाईवे पर पुलिस को देख भागे युवक को पकड़ चोरी की 4 बाइक बरामद की हैं। टपूकड़ा थानाधिकारी राजेश मीणा ने बताया कि शुक्रवार शाम मेन हाईवे रोड़ पर वाहन चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार युवक पुलिस को देख बाइक वापस घुमाकर भागने लगा। पुलिस ने उसे पीछा कर पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि उसके पास बाइक के कागजात नहीं थे। बाइक का हैंडल लॉक भी टूटा हुआ था और यह बाइक वह चोरी कर लाया था। इस पर युवक सारूक पुत्र मुबीन मेव निवासी चावंडी खुर्द को गिरफ्तार कर लिया गया। युवक ने बताया कि उसने टपूकड़ा की क्रिष सिटी सोसायटी के पास, भिवाड़ी के फूलबाग क्षेत्र, रीको कॉलोनी हाउसिंग बोर्ड शाहपुर और हरियाणा के रेवाड़ी से बाइकें चोरी की थी। पुलिस ने चारों बाइक बरामद कर ली।