निर्माण मजदूर कल्याण बोर्ड मजदूरों को सुविधाएं देने में नाकाम : सुखबीर
भिवानी | निर्माण मजदूर कल्याण बोर्ड मजदूरों को सुविधाएं देने में नाकाम है और इसी नाकामी को छुपाने के लिए सिलाई मशीन बांटने का ढकोसला किया जा रहा है। निर्माण मजदूर प्रदेशभर में आंदोलन करेंगे। यह बात भवन निर्माण कामगार यूनियन के प्रदेश महासचिव सुखबीर सिंह ने कही। उन्होंने बताया कि निर्माण मजदूर कल्याण बोर्ड को बने 12 साल बीत चुके हैं उसके बाद भी सभी निर्माण मजदूरों को पंजीकृत नहीं किया गया है। बोर्ड में 2,500 करोड़ के करीब रुपये जमा है जिसे सरकार अपने राजनीतिक लाभ के लिए पैसे का इस्तेमाल कर रही है।उन्होंने बताया कि सरकार के मजदूर विरोधी रूख के खिलाफ यूनियन मई महीने में पूरे प्रदेश में सभी ब्लॉकों में आम सभाएं करेगी और 5 जुलाई से पंचकुला बोर्ड कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करके 11 जुलाई को पूरे प्रदेश के मजदूर आक्रोश प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर राममेहर सिंह, बलबीर दहिया, कश्मीर सिंह, कपूर सिंह, अनिल कुमार, रमेश, विनोद देशवाल, जगीर सिंह, कृष्ण सैनी व संदीप आदि उपस्थित थे।