- Hindi News
- National
- अक्षय तृतीया के अबूझ मुहूर्त से शुरू होंगी शादियां, खरीदारी के लिए भी श्रेष्ठ
अक्षय तृतीया के अबूझ मुहूर्त से शुरू होंगी शादियां, खरीदारी के लिए भी श्रेष्ठ
इस बार अक्षय तृतीया 18 अप्रैल को है। इस दिन से शादियों के शुभ मुहूर्त की शुरूआत होगी। इसके साथ ही इस दिन तीन शुभ संयोग भी बन रहे हैं। ज्योतिष के अनुसार 35 साल बाद बनने वाले इस शुभ मुहूर्त को शादियों के लिए सबसे बेहतर बताया जा रहा है। इसके साथ ही खरीदारी के लिए भी ज्योतिषियों ने इसे श्रेष्ठ समय बताया है। इसी दिन भगवान परशुराम जयंती भी है।
ज्योतिषाचार्य पंडित कृष्ण कुमार नावां ने बताया कि 18 अप्रैल को स्वार्थ सिद्धि योग में आ रही अक्षय तृतीया के अबूझ मुहूर्त से शादियां शुरू होंगी। अभी मलमास होने की वजह से शुभ कार्य नहीं किए जा रहे थे। 14 अप्रैल तक मीन संक्रांतक का मलमास होने से शादी ब्याह व कोई भी शुभ मुहूर्त नहीं हैं। उसके बाद जुलाई तक इस बार विभिन्न तारीखों में शादी के लिए विभिन्न श्रेष्ठ मुहूर्त आएंगे।
सूर्य का उच्च होना भी शुभता का प्रतीक
इस बार तृतीया भी खास है, क्योंकि इस दिन स्वार्थ योग सुबह 6.08 बजे से लगेगा जो रात 12.28 बजे तक रहेगा। इसके अलावा इस दिन आयुष्मान और सिद्धि योग भी है। इस में शादियों के अलावा बाजार से खरीदी भी शुभ रहेगी। इसके अलावा सूर्य उच्च राशि मेष व चंद्रमा भी उच्च राशि वृष में रहेंगे। सूर्य चंद्रमा का उच्च होना भी शुभता का प्रतीक है।
शादी समारोह के लिए अंतिम मुहूर्त 16 जुलाई
अक्षय तृतीया के मुहूर्त में शादियां तो शुरू हो जाएंगी लेकिन इस बार श्रेष्ठ मुहूर्त कम कम हैं। इसलिए शादियों के लिए समय कम मिलेगा। 16 जुलाई को अंतिम मुहूर्त है। इसके बाद देवशयनी एकादशी लग जाएगी। बता दें कि 18 अप्रैल को अक्षय तृतीया है और यह शादी समारोह के लिए अबूझ सावा है। इस दिन शादी की शहनाइयां गूंजेंगी और जुलाई तक विवाह समारोह के संयोग बने हैं।