दिग्विजय चौटाला ने भाजपा को बताया मिसगाइड मिसाइल
इनेलो सांसद दुष्यंत चौटाला को स्वास्थ्य मंत्री की अाेर से लीगल नोटिस भेजने के बाद चौटाला बंधुओं व स्वास्थ्य मंत्री के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। दिग्विजय चौटाला ने शनिवार काे देवीलाल सदन में बताया कि स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की अाेर से दुष्यंत चौटाला को भेजे गए लीगल नोटिस का जवाब वे कोर्ट के माध्यम से देंगे। उन्होंने बताया कि दुष्यंत चौटाला का जन्म हिसार में हुआ, उनकी रिहायश सिरसा में व भिवानी उनकी कर्मभूमि है, ऐसे में क्या तीन जिलों के लोग नशेड़ी है, इस बात का जवाब स्वास्थ्य मंत्री दें।
चौटाला ने बताया कि भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टोलरेंस की बात करने वाली भाजपा सरकार का असली चेहरा लोगों के सामने आ गया है। विजय माल्या, नीरव मोदी के विदेश भागने, सीबीएसई के पेपर लीक होने, हरियाणा में एचएसएससी व एचटेट घोटाला भाजपा की पारदर्शिता की पोल खोलने के लिए काफी है। उन्होंने बताया कि देवीलाल कहा करते थे कि कांग्रेस तो सिर्फ माड़ी पार्टी है, पर भाजपा के इन निक्कर वालों से बचकर रहना। आज देश में जनता की नहीं, बल्कि तानाशाहों की सरकार है। भाजपा सरकार को जनता ने इतनी ताकत दे रखी है कि आज प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह व एक सीनियर केंद्रीय मंत्री ही देश को चला रहे हैं, बाकी लोगों को कोई नहीं पूछता। इसीलिए वे तानाशाही के चलते भाजपा सरकार को मिसगाइड मिसाइल कहेंगे। इस अवसर पर सुनील लांबा, जितेंद्र शर्मा व प्रदीप खरकिया समेत अनेक पार्टी नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।