मामा के घर आई सात साल की बच्ची जोहड़ में डूबी
गांव नागल में अपने मामा के घर आई सात वर्षीय बच्ची की जोहड़ में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने बच्ची की मां के ब्यान पर इत्फाकिया कार्रवाई अमल में लाई है।
गांव मंढोली खुर्द निवासी मुकेश नामक महिला अपनी सात वर्षीय बच्चे के साथ भाई से मिलने के लिए रविवार सुबह दस बजे गांव नागल आई थी। दोपहर को बच्ची परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खेत में चली गई। कुछ समय बाद वह घर जाने की जिद्द कर अकेले ही खेत से घर के लिए चल पड़ी। रास्ते में जोहड़ के किनारे पर चलते हुए बच्ची का पैर फिसल गया और वह जोहड़ में गिर गई। इससे पानी में डूबने से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची के मामा नागल निवासी सोमबीर ने बताया कि ग्रामीणों ने उनके घर पहुंचकर बच्ची के पानी में डूबने की सूचना दी। वे परिवार के सदस्यों के साथ जोहड़ पर पहुंचे और बच्ची को पानी से बाहर निकाला। परिजन बच्ची को सिविल अस्पताल में लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची पहली कक्षा में पढ़ती थी। जांच अधिकारी सत्यनारायण वत्स ने बताया कि जोहड़ में डूबने से बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मां मुकेश के ब्यान पर आईपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई की है।