- Hindi News
- National
- अनाज मंडी में गेहूं की बंपर आवक शुरू रविवार को भी मजदूरों ने भरीं बोरियां
अनाज मंडी में गेहूं की बंपर आवक शुरू रविवार को भी मजदूरों ने भरीं बोरियां
अनाज मंडी में गेहूं की बंपर आवक शुरू हो गई। अगले तीन चार दिन मौसम साफ रहा तो मंडी में प्रतिदिन की आवक 12 हजार क्विंटल के पार पहुंच जाएंगी। शनिवार को खरीदे गए गेहूं को रविवार को मजदूर बोरियों में भरते रहे। एजेंसी भिवानी मंडी से अब तक लगभग एक लाख 30 हजार बैग गेहूं की सरकारी खरीद कर चुकी है।
इस बार किसानों के साथ साथ एजेंसी को भी रिकार्ड तोड़ पैदावार होने की उम्मीद है। मंडी में गेहूं की भारी आवक शुरू हो गई है। एजेंसी ने शनिवार देर शाम तक मंडी में खरीद की। रविवार को दिनभर मजदूर गेहूं की भराई के काम में जुटे रहे। सोमवार को मंडी में आठ हजार क्विंटल तक गेहूं आवक की उम्मीद है इसके चलते एजेंसी रविवार को खरीदे गेहूं की भराई के बाद उठान कराना चाहती है ताकि सोमवार को किसानों को मंडी में गेहूं डालने के लिए पर्याप्त स्थान मिल सके।
इस बार मंडी से 9 लाख बैग गेहूं खरीद का टारगेट
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि एजेंसी का इस बार मंडी से गेहूं खरीद का टारगेट 9 लाख बैग है। पिछले साल एजेंसी ने छह लाख बैग गेहूं की खरीद की थी। मंडी में गेहूं की भारी आवक शुरू हो चुकी है। एजेंसी किसानों के सामने किसी तरह की परेशानी नहीं आने देगी।
पिछले पांच साल का रिकार्ड तोड़ सकती है गेहूं की आवक
एजेंसी को इस बार भिवानी मंडी में नाै लाख बैग गेहूं की आवक होने की उम्मीद है। जो पिछले साल से तीन लाख बैग अधिक है। शनिवार तक एजेंसी मंडी से एक लाख 30 हजार बैग गेहूं की खरीद कर चुकी है। वर्ष 2016 में एजेंसी ने मंडी से साढ़े पांच लाख बैग, 2015 में छह लाख, 2014 में साढ़े छह लाख बैग गेहूं की खरीद की थी।
कम पड़ सकता है बारदाना
इस बार अन्य वर्षों की तुलना में गेहूं की बेहतर पैदावार की उम्मीद है। इसी के हिसाब से एजेंसी ने गेहूं खरीद की तैयारियां कर रखी है। एजेंसी के पास आठ लाख बैग बारदाना मौजूद है। जरूरत पड़ने पर एजेंसी ने एक लाख बारदाना की व्यवस्था और करने की डिमांड भेज दी है।