पैरा पावर लिफ्टिंग के सिल्वर मेडल विजेता अरुण सम्मानित
कैरू | जवाहर नवोदय विद्यालय देवराला एलुमनी एसोसिएशन भिवानी की ओर से जवाहर नवोदय विद्यालय देवराला में विद्यालय के पूर्व छात्र खिलाड़ी अरुण रंगा का सम्मान समारोह किया गया। अरूण रंगा ने 14 से 23 फरवरी तक दुबई में आयोजित नौवीं एफएजेडजेडए पैरा पावर लिफ्टिंग विश्व कप 2018 प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल प्राप्त किया। सुरेन्द्र सिहाग व अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि विकलांगता सफलता के आगे गौण है। अगर व्यक्ति में सच्ची लगन और दृढ निश्चय हो तो वह बड़ी से बड़ी सफलता हासिल कर सकता है। विद्यालय पहुंचने से पहले खिलाड़ी का गांव देवराला के ग्रामीणों ने भी स्वागत किया और विद्यालय के पूर्व छात्र एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने खुशी जताई। विद्यालय प्राचार्य सुनील कुमार धाकड़ ने सिल्वर पदक प्राप्त करने पर खिलाड़ी अरूण रंगा के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर बृजमोहन घनघस, कपिल कुमार, यजेवेन्द्र, विद्यालय स्टाफ सहित विद्यार्थी मौजूद थे।