सरकार ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए उठाए कारगर कदम: रॉकी
राज्य सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए वचनबद्ध है। सरकार ने इस दिशा मे विभिन्न योजनाओं एव कार्यक्रमों को प्रभावशाली ढंग से लागू किया है। प्रदेश में महिलाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सरकार द्वारा एक और सुधार कार्यक्रम की शुरूआत की गई है।
यह बात एक और सुधार कार्यक्रम के परियोजना निदेशक रॉकी मित्तल ने सोमवार को पुलिस लाइन में हुए कार्यक्रम में महिलाओं के सुझाव लेते समय कही। उन्हाेंने बताया कि वर्तमान राज्य सरकार ने प्रदेश में पहली बार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कारगर कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एक और सुधार कार्यक्रम की शुरूआत की गई है। इस कार्यक्रम के तहत प्रदेश के 19 जिलों में कार्यक्रम कर महिलाओं के सुझाव लिए जा चुके हैं। इस अवसर पर एसपी सुरेन्द्र सिंह भौरिया, डीएसपी विजय देशवाल सहित अनेक अधिकारी उपस्थित थे। परियोजना निदेशक ने बताया कि महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा के दृष्टिगत व्हाट्सएप ग्रुप बनाएं। स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को जूडो का प्रशिक्षण दिया जाए ताकि किसी भी प्रकार की घटना हाने पर वे स्वयं अपनी सुरक्षा कर सकें। अभिभावकों को अपने बच्चों को अच्छे संस्कार देने चाहिए। उन्होंने बताया कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की होने वाली घटना पर दोषी को कठोर सजा देने का प्रावधान होना चाहिए। महिला थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. नन्ही देवी ने बताया कि राज्य सरकार ने महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रत्येक जिला मुख्यालय पर महिला थाना की स्थापना की है। इससे महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं में कमी आई है।