पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कंप्यूटर प्रोफेशनल्स ने शुरू की बेमियादी हड़ताल ई दिशा केंद्रों में कामकाज ठप, बैरंग लौटे लोग

कंप्यूटर प्रोफेशनल्स ने शुरू की बेमियादी हड़ताल ई-दिशा केंद्रों में कामकाज ठप, बैरंग लौटे लोग

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कंप्यूटर प्रोफेशनल्स की हड़ताल के चलते सोमवार को मिनी सैक्ट्रिएट में क्लर्क से लेकर डीसी तक के कार्य प्रभावित रहे। लोग दिनभर ई दिशा केंद्र व डीसी दफ्तर में चक्कर लगाते रहे और हड़ताल की सूचना मिलने के बाद अपने अपने घरों को लौट गए। अन्य सरकारी विभागों में भी प्रोफेशनल की हड़ताल के चलते कार्य प्रभावित रहे।

कल तक जिन विभागों में लोगों को पांव रखने की जगह नहीं मिलती थी सोमवार को उन दफ्तरों में सन्नाटा पसरा रहा। कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ की पूर्व घोषित अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते आने वाले दिन में लोगों को और भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। प्रोफेशनल मांगों को लेकर पंचकूला में डेरा डाले हुए हैं। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होगी तब तक प्रदेशभर के साथ जिले में भी सरकारी कामकाज ठप रहने की आशंका है। ई दिशा में ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आए देवेंद्र ने बताया कि उसे आज आने के लिए कहा गया था। कॉलेज से पढ़ाई छोड़कर वह लाइसेंस के लिए आया था। यहां पता चला कि ऑपरेटर हड़ताल पर हैं। अमित ने बताया कि वह बाइक की आरसी के लिए दिल्ली में कार्यालय से छुट्‌टी लेकर आया, लेकिन हड़ताल के कारण उसका काम नहीं हुआ। अन्य लोगों ने बताया कि सरकार ने सबकुछ ऑनलाइन कर दिया है और कंप्यूटर प्रोफशनल्स की हड़ताल से सब ठप हो गया है।

लघु सचिवालय परिसर स्थित ई दिशा केंद्र में काम कराने आए लोग और बंद पड़े कम्प्यूटर व खाली सीटें।

सीएम को सौंपा था ज्ञापन

कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ ने 8 अप्रैल को पंचकूला में सीएम को ज्ञापन सौंपा था। इस दौरान संघ ने घोषणा की थी कि अगर अब भी उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो प्रदेशभर के ऑपरेटर 15 अप्रैल को अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर देंगे। इसी के तहत ऑपरेटर सोमवार से अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल पर चले गए है। जिले में लगभग 500 कंप्यूटर ऑपरेटर है, जो अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं।

ये कार्य रहे बंद

ई दिशा केंद्र में कार्य ठप रहने से रिहायशी एवं जाति प्रमाण तथा इनकम सर्टिफिकेट ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन, आधार पंजीकरण, जाति और आय प्रमाण पत्र, हरियाणा निवासी प्रमाण पत्र, एचएसआर नंबर प्लेट, शस्त्र लाइसेंस, राशन कार्ड व पेंशन स्कीम जैसे प्रमाण पत्र नहीं बन पाए।

डीसी कार्यालय में पीड़ितों की शिकायत भी दर्ज नहीं हो पाई।

एसडीएम, सीटीएम, तहसीलदार दफ्तर के प्रोफेशनल्स की कुर्सी भी सोमवार को खाली रही। इससे लोगों के जमीन जायदाद से संबंधित काम भी नहीं हो पाए। मिनी सैक्ट्रिएट के अलावा अन्य सरकारी विभागों में भी कामकाज प्रभावित रहा।

ये है प्रोफेशनल्स की मांगें

कंप्यूटर प्रोफेशनल्स को नियमित किया जाए।

नियमित होने तक समान काम-समान वेतन दिया जाए।

विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों से हटाए गए कंप्यूटर प्रोफेशनल्स को दोबारा नौकरी पर रखा जाए।

हारट्रोन के माध्यम से लगे ऑपरेटर्स को वरिष्ठता के आधार पर सभी प्रकार के लाभ दिए जाए।

रिक्त पदों को भरा जाए।

आउटसोर्सिंग को समाप्त किया जाए एवं कंप्यूटर प्रोफेशनल्स पर दर्ज किए गए केसों को वापस लिया जाए।

सरकार की बेरुखी पर लिया फैसला

प्रदेश में लगभग ढाई हजार कच्चे कंप्यूटर ऑपरेटर है, जो सरकार की ऑन लाइन व्यवस्था को संभाल रहे हैं। अाठ अप्रैल को पंचकूला में सीएम आवास घेराव के दौरान सीएम व उनके ओएसडी ऑपरेटर का ज्ञापन लेने के लिए भी नहीं आए थे। ऐसे में उन्हें ओएसडी के पीए से ही ज्ञापन सौंपना पड़ा था। हरियाणा कंप्यूटर आॅपेरटर संघ के प्रदेश अध्यक्ष हवा सिंह ने बताया कि एक सप्ताह से ऑपरेटर सरकार को 15 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी थी। जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी वे पंचकूला से नहीं हटेंगे।

खबरें और भी हैं...