इनहांसमेंट के नोटिस पर हुडा के प्लॉट धारकांे ने दिया धरना
लघु सचिवालय परिसर के बाहर धरने के दौरान नारेबाजी करते द भिवानी अर्बन एस्टेट वेलफेयर व रेजिडेशनल वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर 13 व 23 के सदस्य।
दो लाख से 15 लाख रुपये तक का पड़ेगा भार
भिवानी | हुडा के रिहायशी प्लॉट धारकों को इनहांसमेंट राशि जमा कराने के नोटिस जारी करने के विरोध में सोमवार को रेजिडेशनल वेलफेयर एसोसिएशन ने लघु सचिवालय के बाहर धरना दिया। इस दौरान सीएम के नाम ज्ञापन नायब तहसीलदार नरेश कुमार काे सौंपा।
ज्ञापन में एसोसिएशन ने कहा कि प्रदेश में अनेक शहरों में हुडा प्लॉट धारकों को एक महीने में बढ़ी हुई इनहांसमेंट राशि जमा कराने के आदेश दिए हैं। अन्यथा 15 फीसदी की दर से ब्याज देय होगा। इससे प्रत्येक प्लॉट धारक पर दो से 15 लाख रुपये तक का अतिरिक्त भार पड़ेगा। प्लॉट धारकों से राशि न्यायालय द्वारा जमीन के मूल मालिक किसानों की मुआवजा राशि बढ़ाने की वजह से मांगी गई है। उन्होंने सीएम से ज्ञापन में इनहांसमेंट के आदेश वापस लेने की मांग की है। किसानों को कोर्ट के आदेश पर ज्यादा मुआवजा देने के लिए हुडा ने प्लॉट धारकों को इनहांसमेंट राशि जमा कराने के नोटिस दिए हैं। एसोसिएशन के प्रधान मनोहरलाल सरदाना ने बताया कि हुडा भिवानी सेक्टर 13 व 23 के प्लॉट धारकांे को भी नोटिस जारी करने की तैयारी कर रही है। काेर्ट ने इस संबंध में स्टे दिया हुआ है।