श्योराण खाप 84 ने सतगामा कन्नी की पंचायत को अवैध करार दिया
बहल | सर्व जातीय श्योराण खाप 84 की साेमवार काे सिधनवा धाम पर हई बैठक में रविवार को सतगामा कन्नी की गोपालवास चबूतरे पर हुई पंचायत को अवैध करार दिया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रधान रामस्वरूप सिधनवा ने की। प्रवक्ता रामसिंह फरटिया और सह प्रवक्ता पृथ्वी सिंह गोठड़ा ने प्रेस को जारी ब्यान में कहा कि 8 अप्रैल को सिधनवा धाम पर हुई पंचायत में सर्व सम्मति से फैसला लिया गया था कि प्रधान की अनुमति के बिना कन्नी प्रधान का कोई चुनाव मान्य नहीं होगा। सतगामा कन्नी का प्रधान पहले से ही नियुक्त है और रविवार को गोपालवास चबूतरे पर हुई पंचायत का सर्व जातीय श्योराण खाप 84 से कोई लेना-देना नहीं है। प्रवक्ताओं ने बताया कि प्रधान की अनुमति के बिना बार-बार पंचायतें हो रही हैं इसके लिए जल्द ही एक पंचायत बुलाकर विचार-विमर्श किया जाएगा।