पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • एक बेड पर दो दो मरीज और अस्पताल का जर्जर भवन देख खेमका ने आिधकारियों से मांगी रिपोर्ट

एक बेड पर दो-दो मरीज और अस्पताल का जर्जर भवन देख खेमका ने आिधकारियों से मांगी रिपोर्ट

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज | भिवानी/बवानीखेड़ा

अतिरिक्त मुख्य सचिव अशोक खेमका ने मंगलवार दोपहर बवानीखेड़ा के नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से मुफ्त मिलने वाली दवाइयों व सुविधाओं के बारे जाना। अस्पताल के प्रत्येक वार्ड में जाकर मरीजों के हालात जाने। उन्होंने मरीजों के लिए प्रयोग होने वाले शौचालय भी सफाई का निरीक्षण किया।

अतिरिक्त मुख्य सचिव ने सामान्य अस्पताल में सबसे पहले औषधालय का निरीक्षण कर कैमिस्ट से मरीजों को वितरित की जाने वाली दवाइयों के बारे में पूछा कि दवाइयों का रिकार्ड ऑनलाइन किया जाता है या ऑफलाइन। अस्पताल के जर्जर हालात पर सिविल सर्जन रणदीप पूनिया से इस बारे में जाना और शौचालय की सफाई व्यवस्था को जांचा। उन्होंने अस्पताल में प्रयोग की जाने वाली मशीनरी को देखा जहां मौजूद पार्षद ज्ञानचंद गुलाटी, नंदलाल महता, रामकिशन, बसाऊराम, टेकचंद कौशिक, राजबीर, जगदम्बा महता, रामगोपाल सैनी, वेदपाल तंवर, हिम्मत सिंह, महेन्द्र सिंह, जंगबीर कौशिक, ओमप्रकाश तंवर आदि ने बताया कि इस समय अस्पताल में दस चिकित्सकों की सीटें हैं लेकिन एक ही चिकित्सक के सहारे अस्पताल चलाया जा रहा है। अस्पताल 50 बैड का मंजूर है लेकिन मरीजों की संख्या इतनी है कि एक बैड पर दो-दो मरीजों का इलाज करके काम चलाया जा रहा है। गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए भिवानी जाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों के लिए रहने के लिए क्वार्टर नहीं है। इस पर अतिरिक्त मुख्य सचिव अशोक खेमका ने कस्बावासियों को आश्वासन देते हुए रिपोर्ट मुख्यमंत्री मनोहर लाल को सौंपने की बात कही। उन्होंने गांव अलखपुरा में छह करोड़ से बनने वाले खेल स्टेडियम का निरीक्षण भी किया।

खेमका ने दिए अधिकारियों को निर्देश

प्रधान सचिव अशोक खेमका ने अधिकारियों की बैठक में कहा कि प्रदेश के 46 ब्लॉकों में विकास को गति प्रदान करने के लिए परिवर्तन योजना मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की महत्त्वाकांक्षी योजना हैं। परिवर्तन के तहत योजनाओं को और अधिक गति प्रदान की जाएगी। संबंधित विभागों के अधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेवारियों को गंभीरता से ले और उनको दिए गए टारगेट को निर्धारित समय पर पूरा करें। उन्होंने कहा कि सरकार ने उनको परिवर्तन योजना के तहत ब्लॉक बवानीखेड़ा के लिए सभी विभागों की प्रशासनिक शक्तियां प्रदान की है, जिसके तहत वे पुरस्कार और दंड दोनों दे सकते हैं। बैठक में एडीसी डॉ. संगीता तेतरवाल तथा पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह भौरिया भी उपस्थित थे। खेमका ने अधिकारियों को परिवर्तन योजना के तहत टारगेट दिए और उन्हें निर्धारित समयावधि में लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन टारगेट को निर्धारित समयावधि में पूरा करने वाले विभागों या अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा और लचर कार्य प्रणाली वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

बवानीखेड़ा के नागरिक अस्पताल के निरीक्षण के दौरान चिकित्सों व स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत करते अतिरिक्त मुख्य सचिव अशोक खेमका, एसडीएम सतीश कुमार।

बवानीखेड़ा के नागरिक अस्पताल का अतिरिक्त मुख्य सचिव अशोक खेमका द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान प्रत्येक बेड पर बैठे दो दो मरीज।

छेड़छाड़ की घटनाओं पर हो कार्रवाई

ऋण संबंधी योजनाओं के लिए लीड बैंक मैनेजर आशा देसाई को निर्देश दिए कि वे मुद्रा योजना के तहत पात्रों को शिशु, तरुण और किशोर लोन निर्धारित समयावधि में दिलवाएं। उन्होंने निर्देश दिए बवानीखेड़ा खंड में कन्या स्कूल व कॉलेज परिसर में महिला हेल्प लाइन नंबर लिखे जाएं ताकि किसी भी वारदात के समय पुलिस को फोन किया जा सके। उन्होंने वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों व कॉलेजों में छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोकथाम के लिए जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर के सौंदर्यीकरण व स्वच्छता के लिए नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंदगी का उठान कार्य नियमित रूप से हो और नए पार्कों बनाए जाएं।

एक महीने में होगा लक्ष्य का मूल्यांकन

प्रधान सचिव ने कहा कि अधिकारियों को दिए गए टारगेट का मई महीने के अंत में मूल्यांकन किया जाएगा। इसके अलावा योजना में शामिल प्रत्येक विभाग से प्रत्येक सप्ताह प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी। इस योजना के लिए ब्लॉक बवानीखेड़ा में नगराधीश महेश कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयावधि में टारगेट पूरा करने वाले विभाग या अधिकारियों को सरकार की तरफ से सम्मानित किया जाएगा। बैठक में एसडीएम सतीश कुमार, सिटीएम महेश कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रणदीप पूनिया शामिल रहे।

खबरें और भी हैं...