पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सफाई कर्मचारियों की चेतावनी मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी हड़ताल, कई संगठनों ने किया हड़ताली कर्मियों का समर्थन

सफाई कर्मचारियों की चेतावनी- मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी हड़ताल, कई संगठनों ने किया हड़ताली कर्मियों का समर्थन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
डीसी के आदेश पर प्रशासन ने पूरे लाव लश्कर के साथ शुक्रवार काे दिहाड़ीदार 200 मजदूरों को लेकर शहर में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस को हड़ताली कर्मचारियों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। इसके बावजूद प्रशासन का यह अभियान रातभर चलता रहा।

प्रशासनिक दस्ते ने शाम को 200 मजदूरों के साथ कूड़ा उठवाने का काम शुरू करवाया। डीसी डाॅॅ. अंशज सिंह व एसपी गंगाराम पूनिया खुद मौके पर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों को सफाई के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। दस्ते ने रात नौ बजे गंदगी उठाने का काम शुरू किया। मजदूरों ने झाडू लगाकर सड़कों, चौराहों व गलियों में जमा गंदगी को साफ किया। प्रशासन ने गुरुवार रात को भी हड़ताली कर्मचारियों के विरोध के बीच शहर से 50 ट्राली कूड़ा उठवाया था।

200 मजदूर, दस ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो जेसीबी और एक डंपर किराए पर ले प्रशासनिक दस्ते ने शहर से उठवाया कचरा

राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सामने लगे गंदगी के ढेर को ट्रैक्टर ट्राली में डालता नप का लोडर।

ये की है व्यवस्था

ग्रामीण क्षेत्रों से की 200 दिहाड़ी मजदूरों की व्यवस्था।

नगरपरिषद ने सफाई के लिए स्पेशल 200 झाड़ू तैयार करवाई।

दस ट्रैक्टर ट्राली व जो जेसीबी व डंपर किराए पर हायर किए हैं।

सफाई किट की व्यवस्था भी की गई है।

दस्ते में ये थे शामिल

डीसी डॉ. अंशज सिंह, एसपी गंगाराम पूनिया, एसडीएम सतीश कुमार, नायब तहसीलदार नरेश कुमार, एसएचओ जयसिंह, एसआई कुलदीप सिंह, नप चेयरमैन रणसिंह यादव, नप सचिव राजेश महता, सफाई निरीक्षक विकास व संजय समेत भारी पुलिस बल मौजूद था।

कूड़े से भरी ट्रैक्टर ट्राली पुलिस सुरक्षा में दादरी रोड स्थित डंपिंग स्टेशन पर पहुंची, ताकि रास्ते में कोई हड़ताली कर्मचारी विरोध स्वरूप ट्राली को कूड़े से खाली न करा दे। इसके लिए कूड़े से भरी ट्रैक्टर ट्रालियों के साथ पुलिस के दो दो जवानों की ड्यूटियां लगाई थी।

नप चेयरमैन रणसिंह यादव ने बताया कि डीसी के आदेश पर दिहाड़ी पर 200 मजदूरों को हायर किया गया है। जिनसे पूरे शहर की सफाई करवाई जा रही हैं। रातभर अभियान चलेगा अगर जरूरत हुई तो शनिवार रात को भी अभियान चलाएगा। शहर में कही भी कूड़े के ढेर जमा नहीं होने दिए जाएंगे।

250 कर्मी हैं हड़ताल पर

नप के 250 सफाई कर्मचारी 9 मई से हड़ताल पर है। इसके चलते शहर की सफाई न होने से जगह जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। प्रशासन ने गुरुवार को दस दिहाड़ी के मजदूरों से कूड़ा उठवाने का प्रयास किया तो हड़ताली कर्मचारियों ने विरोध किया और नप अधिकारी मौके से रफूचक्कर हो गए थे लेकिन शाम सात बजे प्रशासनिक अमले ने एसडीएम की मौजूदगी में भारी विरोध के बीच कूड़ा ट्रालियों में भरवाया था।

सफाई कर्मचारियों ने निकाय मंत्री का पुतला जलाकर जताया विरोध

नगरपालिका कर्मचारी संघ ने प्रशासनिक दस्ते द्वारा शहर में कूड़ा उठवाने की निंदा की और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। शुक्रवार को हड़ताली कर्मचारियों ने शहर में शहरी निकाय मंत्री कविता जैन के पुतले की शव यात्रा निकाली और चिड़ियाघर मोड़ पर पुतला जलाया। इस दौरान कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सफाई कर्मचारी संघ के राज्य पदाधिकारी पुरुषोत्तम दानव ने कहा कि प्रशासन सफाई कर्मचारियों के अधिकार व आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। शुक्रवार से प्रदेशभर के सफाई कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए है। शुक्रवार को नगरपालिका कर्मचारी संघ ने राज्य कमेटी के आह्वान पर निकाय मंत्री का पुतला जलाया है। उन्होंने कहा जब तक सफाई कर्मचारियों की मांगें नहीं मानी जाएगी हड़ताल जारी रहेगी। इस दौरान अखिल भारतीय किसान सभा, भारतीय वाल्मीकि समाज, सीआईटीयू, रोडवेज कर्मचारी यूनियन, अध्यापक संघ, ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन यूनियन के प्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर नप सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन किया। सफाई कर्मचारियों ने नगरपालिका के कार्यालय को जड़ा ताला, कर्मचारी इधर उधर घूमते नजर आए।

लोहारू में जड़ा नपा कार्यालय को ताला

लोहारू| नगरपालिका सफाई कर्मचारियों ने मांगें पूरी न होने पर शुक्रवार के पालिका कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। इसके चलते नपा सचिव व अन्य कर्मचारी बंगले झांकते नजर आए। कर्मचारियों ने मुख्य गेट के बाहर नारेबाजी की। इस दौरान अध्यापक संघ तथा एसकेएस के पदाधिकारियों ने उनके बीच पहुंचकर मांगों का समर्थन किया। नपा सचिव प्रवीन चुघ ने बताया कि सफाई कर्मचारियों ने मुख्य गेट को ताला लगाया है। किसी अधिकारी या कर्मचारी को जरूरी काम के लिए अंदर जाना पड़ा तो कार्यालय का ताला खुलवा दिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...