हुडा पार्क के बाहर रविवार सुबह राहगीरी कार्यक्रम किया गया। इसमें कई स्कूलों के बच्चों ने हिस्सा लिया। राहगीरी की थीम स्वच्छता पर फोकस को लेकर रही। भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव से मुक्ति दिलाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से शुरू किए राहगीरी कार्यक्रम रविवार को हुडा पार्क के सामने मैदान में किया गया। विधायक घनश्याम दास सर्राफ ने भाईचारे की भावना को प्रबल करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आगाज एसडीएम सतीश कुमार ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ बनाने की अपील को लेकर किया। उन्होंने संदेश दिया कि यदि मिलकर सभी काम करें तो शहर को स्वच्छ बनाना मुश्किल कार्य नहीं है। सिटीएम महेश कुमार ने राहगीरी के दौरान साइकिल रेस को रवाना किया। साइकिल रेस डीएसपी जगत सिंह ने नेतृत्व में की गई। गीत और संगीत कार्यक्रम की शुरूआत सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के कलाकार एवं भजन पार्टी लीडर दलबीर सिंह और राजेश कुमार ने की। उन्होंने अपनी प्रस्तुति से सामाजिक बुराइयों को मिटाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डीईओ सुरेश शर्मा, नप चेयरमैन रणसिंह यादव, नप सचिव राजेश महता, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. देवेंद्र शर्मा, प्राचार्य डीपी कौशिक, डॉ. अनिल गौड़, कार्यवाहक जिला खेल अधिकारी कृष्ण ढांडा, कोच विष्णु भगवान, सुरेश कुमार, अनिल कुमार, नगर व्यापार मंडल प्रधान भानू प्रकाश शर्मा, डॉ. हरीश कुमार, डॉ. राजकुमार वैध, संजय दुआ, एआईपीआरओ सुरेंद्र सिंगल, पंडित रामकिशन शर्मा, सुनील वर्मा नंबरदार, सुरक्षा शाखा इंचार्ज कुलदीप सिंह व नसीब धनखड़ आदि मौजूद रहे।
राहगीरी कार्यक्रम के दौरान हुडा पार्क के सामने सफाई करते लोग।
ये रही प्रस्तुतियां....
राहगीरी में टीआईटी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बच्चों ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया और संस्कृत गीत की शानदार प्रस्तुति दी। इसी प्रकार से जी लिट्रा वैली के बच्चों ने गीता रहस्य पर अपना कार्यक्रम प्रस्तुत किया अाैर कर्म करने का संदेश दिया। शिशु भारती और विद्यांतरिक्ष स्कूल के बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से सभी का मन मोहा। इस दौरान स्टेडियम के छोटे बच्चे ने बॉक्सिंग और कुश्ती का शानदार डैमो प्रस्तुत कर खेलकूद की गतिविधियों में भाग लेने का संदेश दिया। आरोग्य संस्था के बच्चों ने योग की प्रस्तुति देकर संदेश दिया कि नियमित रूप से योग करके हम स्वस्थ रह सकते हैं। वहीं डॉ. पीके आनंद के नेतृत्व में पहुंचे ग्रीन सोसायटी के सदस्यों ने शहरवासियों से शहर को सुंदर बनाने की अपील की।
तनाव से मुक्ति दिलाना ही राहगीरी का उद्देश्य
विधायक घनश्याम दास सर्राफ ने बताया कि राहगीरी कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को तनाव से मुक्ति दिलाने का है। मौजूदा जीवन शैली में लोग अनेक तरह से तनाव से ग्रस्त हो गए हैं, ऐसे में राहगीरी कार्यक्रम बड़े ही सार्थक साबित हो रहे हैं। उन्होंने शहरवासियों से शहर के विकास में अपना योगदान देने की अपील की।
रुक जाना नहीं तू कहीं हार के, कांटों पर चलके मिलेंगे साये बहार के
साइकलिंग रेस में भाग लेते डीएसपी जगत सिंह मोर, इंचार्ज दशरथ व अन्य।
रूबेला और खसरा टीकाकरण के बारे में किया जागरूक
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने राहगीरी में समय-समय पर चलाए जाने वाले टीकाकरण अभियान के साथ-साथ रूबेला व खसरा टीकाकरण के बारे में जागरूक किया। विधायक घनश्याम सर्राफ ने बताया कि प्रत्येक 15 वर्ष की आयुवर्ग के बच्चों को यह टीकाकरण जरूर करवाना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को सामान्य अस्पताल, आंगनवाड़ी आदि स्थानों पर टीकाकरण करवा सकते हैं।
सुबह 6 बजे सफाई अभियान के साथ शुरू हुआ राहगीरी कार्यक्रम 8 बजे खत्म किया गया। ओ राही ओ राही रुक जाना नहीं तू कहीं हार के, कांटों पर चलके मिलेंगे साये बहार के गीत गाकर कार्यक्रम का समापन किया।