ग्राम स्वराज अभियान से बदलें लोगों की सोच: खेमका
ग्राम स्वराज अभियान के दौरान गांवों की तस्वीर बदलने के लिए अलग-अलग कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। अधिकारी तय कार्यक्रमनुसार गांवों में लोगों को जागरूक करें और स्वच्छता के प्रति उनकी सोच में बदलाव लाएं। ग्रामीणों को गांवों को सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए प्रेरित करें।
यह बात अतिरिक्त प्रधान सचिव अशोक खेमका ने कही। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान गांवों की दशा में परिवर्तन दिखाई देना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बवानीखेड़ा की सनातन धर्म गाेशाला में नहरी पानी की उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए। वे मंगलवार देर शाम लोक निर्माण विश्राम गृह में ग्राम स्वराज अभियान को लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों को दिशा निर्देश दे रहे थे। उन्होंने बताया कि यह अभियान पांच अप्रैल तक चलेगा। अभियान के दौरान प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का लाभ दिलाना, बिजली की सौभाग्य योजना, उजाला योजना के तहत एलईडी वितरित करना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत खाते खोलना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, मिशन इंद्रधनुष आदि अनेक योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाना है। इस अवसर पर एडीसी डॉ. संगीता तेतरवाल, एसडीएम सतीश कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रणदीप पूनिया, डीएसअाे राजबीर सिंह, बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता रणदीप सिंह अादि मौजूद थे। जिले के चयनित गांवों के अलावा निर्धारित कार्यक्रमनुसार बुधवार को स्वच्छ भारत पर्व के तहत विभिन्न कार्यक्रम किए गए।
स्वच्छ भारत पर्व के तहत पर्यावरण एवं वन विभाग मंत्रालय से निदेशक भानू प्रकाश और रक्षा मंत्रालय से अंडर सचिव सुभाष चंद्र ने बुधवार सुबह लोक निर्माण विश्राम गृह में अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की। गांव दांग कलां में कार्यक्रम में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राम सिंह, खंड विकास एवं पंचयत अधिकारी सुभाष चंद्र, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सतीश कुमार ने ठोस-तरल कचरा प्रबंधन, गलियों व स्वयं की सफाई रखने की जानकारी दी। ढाणा लाडनपुर में जागरूकता रैली निकाली।
गांव बलियाली के अलावा अन्य गांवों में भी स्वच्छता पर्व के तहत विभिन्न कार्यक्रम किया गया। 20 अप्रैल को उज्जवला पंचायत, 24 को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस, 28 अप्रैल को ग्राम शक्ति अभियान, 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत, दो मई को किसान कल्याण कार्य कार्यशाला और पांच मई को आजीविका और कौशल विकास मेला कार्यक्रम किया जाएगा।
गैस एजेंसी संचालकों को दिशा निर्देश देते अतिरिक्त मुख्य सचिव अशोक खेमका।
ये गांव योजना के लिए चुने
जिले मेंं बलियाली, ढाणा लाडनपुर, निंगाना कलां, निगाना खुर्द, धारण, दांग कलां, किरावड़ और कोहलावास का चयन ग्राम स्वराज योजना के लिए चयन किया गया है।