पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सफाई कर्मचारियों ने अन्य कर्मियों को भी नहीं करने दिया काम, नप के कैबिनों को जड़े ताले

सफाई कर्मचारियों ने अन्य कर्मियों को भी नहीं करने दिया काम, नप के कैबिनों को जड़े ताले

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगरपरिषद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में गंदगी व कूड़ा उठाने का काम ही प्रभावित नहीं, बल्कि शहरवासियों के जमीन, मकान व अन्य जरूरी प्रमाण पत्र बनवाने के आदि विभागीय एवं सामान्य कामकाज भी नहीं हो पा रहे। सफाई कर्मचारियों ने नगरपरिषद में प्रमाण पत्र बनाने के लिए बने कैबिनों पर ताले जड़ दिए हैं और किसी भी कर्मचारी को अंदर नहीं जाने दिया। अगर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल और लंबी चली तो शहर में हालात और भी खराब हो सकते हैं।

नगरपरिषद सफाई कर्मचारी समान काम समान वेतन, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर नौ मई से हड़ताल पर चल रहे हैं। इससे शहर में जगह जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। वहीं परिषद कार्यालय में किसी कर्मचारी को घुसने न देने पर लोगों के जरूरी कामकाज भी बाधित हो रहे हैं। मंगलवार को सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा शहर की सफाई नहीं होगी।

शहर में प्रदर्शन करते नगर पालिका कर्मचारी संघ के सदस्य व विभिन्न विभागों के कर्मचारी।

हड़ताल से ये कार्य हैं बंद

टैक्स ब्रांच, बीआई ब्रांच, जन्ममृत्यु प्रमाण पत्र,

नक्शा ब्रांच, जमीन व मकान की एनओसी, रिहायशी, जाति प्रमाण पत्र आदि के विभागीय कार्य भी हड़ताल से प्रभावित हैं।

इन मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं कर्मचारी

सरकार के साथ वर्ष 2017 में हुए समझौते को लागू किया जाए।

ठेका प्रथा बंद कर अस्थायी कर्मचारियों को पक्का किया जाए।

इसके अलावा अग्निशमन विभाग में 1360 अस्थायी कर्मचारियों को फायर आॅपरेटर के पदों पर समायोजित किया जाए।

समान काम, समान वेतन लागू किया जाए।

7वें वेतन आयोग की विसंगतियों को दूर किया जाए।

समस्या से निपटने की नप ने ये बनाई है योजना

नगरपरिषद ने शहर में बनी गंदगी की समस्या से निपटने के लिए पार्षदों के माध्यम से कर्मचारी घर-घर जाएंगे और लोगों से अपील करेंगे की कूड़े को घर में एक स्थान पर जमा रखें और जब कर्मचारी कूड़ा लेने आए तब उन्हें दें ताकि जगह-जगह शहर में गंदगी न फैले।

सफाई ठेकेदार के माध्यम से गंदगी को उठाया जाएगा।

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल अगर लंबी चली तो परिषद चेयरमैन रणसिंह यादव खुद पार्षदों के साथ शहर में सफाई के लिए लोगों को जागरूक करेंगे और शहरवासियों के साथ मिलकर नगर में सफाई अभियान शुरू करेंगे।

जरूरत हुई तो परिषद रात को भी सफाई अभियान चलाएगी।

वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर भाड़े व मजदूरी पर भी कुछ दिन के लिए शहर में कूड़ा उठवाने का काम करवाया जा सकता है।

शहर को किसी भी सूरत में गंदा नहीं होने दिया जाएगा : रणसिंह यादव

चेयरमैन रणसिंह यादव ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल चलते श्रमदान अभियान चलाया जाएगा। इसमें पार्षदों के साथ शहरवासियों का भी विशेष योगदान रहेगा। किसी भी सूरत में शहर को गंदा नहीं होने दिया जाएगा। रात को कुछ क्षेत्रों से कूड़ा उठवाया गया है। चेयरमैन मंगलवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर अशोक, राजकुमार, संदीप भारद्वाज, मुकेश रहेजा, आकाश मस्ता, सचिन जूसवाला आदि पार्षद थे।

एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी के बाद खोले ताले: नप सचिव

अन्य कर्मचारियों को कार्यालय में जाने से रोका तो होगी एफआईआर दर्ज नगरपरिषद सचिव राजेश महता ने कहा कि जो सफाई कर्मचारी नप के अन्य कर्मचारियों को दफ्तर में नहीं घुसने देगा उसके खिलाफ नप पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाएगी। इस संबंध में सफाई कर्मियों को अवगत कराया तो उन्होंने ताले खोल दिए थे। बुधवार को दोबारा से ताले नहीं लगाए तो विभागीय कार्य शुरू हो जाएंगे। और ताले लगाए तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

खबरें और भी हैं...