अव्यवस्थाओं के बीच सेना भर्ती रैली शुरू
दादरी सेना भर्ती कार्यालय की तरफ से बुधवार को भिवानी के निकटवर्ती गांव तिगड़ाना के राजीव गांधी खेल स्टेडियम में भारी प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के बीच सेना भर्ती रैली शुरू हुई। युवाओं को रात को खाने व सोने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा तो सुबह भर्ती ग्राउंड के मेन गेट पर पुलिस के डंडे भी खाने पड़े। सब तरह की अव्यवस्थाओं के बावजूद युवाओं ने भर्ती रैली में पूरे जोश व जुनून के साथ भाग लिया।
रात दो बजे से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के कारण रात 9 बजे ही युवा गांव तिगड़ाना में पहुंच गए। प्रशासन की तरफ से किसी तरह की व्यवस्था न होने के कारण युवाओं के लिए रात दो बजाना मुश्किल हो रहा था। युवा गांव के सरकारी स्कूल के भवन की छत्त पर, गांव में घरों के बाहर चबूतरों पर, गलियों में, मंदिर में आदि स्थानों पर अपनी चद्दरें डालकर सोए। भर्ती के लिए आय युवा मनोज, रविंद्र कुमार, सुरेंद्र, बिजेंद्र, पवन, विक्रम, सुमन, अभिमन्यु, निरज, अशोक, गौरव, मोनू, सुनील, आशु आदि ने बताया कि वह शाम को ही स्टेडियम के बाहर पहुंच गए थे। रात को युवा गलियों, स्कूल व मंदिर की छताें पर सोए। स्टेडियम के बाहर पानी की भी पुख्ता व्यवस्था नहीं है। गांव में घरों में पानी मांग कर प्यास बुझाई। खाने के लिए भी 50 की जगह 150 रुपये स्टाल संचालकों ने लिए। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि वे इससे भी बड़ी परेशानियां उठाकर भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने को तैयार हैं। युवाओं ने बताया कि उन्हें सेना में भर्ती होने का जुनून है और पिछले दो-तीन सालों से भर्ती होने के लिए मेहनत कर रहे हैं।
गांव की गलियों, स्कूल व मंदिर की छतों पर बिताई रात, स्टेडियम में घुसने का प्रयास किया तो खदेड़ा
गांव तिगड़ाना में सेना भर्ती देखने आए युवाओं व अभिभावकों पर लाठियां भांजते पुलिसकर्मी।
व्यवस्था संभालने को हल्का बल प्रयोग
रात दो बजे जैसे ही स्टेडियम में युवाओं का प्रवेश शुरू हुआ लगभग दो हजार की संख्या में युवा एक साथ गेट पर पहुंच गए। पहले प्रवेश करने के चक्कर में युवाओं के बीच काफी धक्का-मुक्का हुई। व्यवस्था को संभालने के लिए पुलिस ने हल्के बल का भी प्रयोग किया। इन सबके बावजूद युवाओं ने जोश के साथ भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया।
50 की थाली 150 में
स्टेडियम के बाहर भोजन, फल, जूस आदि की लगभग पांच दर्जन स्टालें लोगों ने लगा रखी थी। सेना में भर्ती के लिए आए युवाओं से स्टाल संचालकों ने भाेजन की 50 रुपये की थाली के दाम 150-150 रुपए तक वसूल किए। बेरोजगार युवाओं ने मजबूरी में 150 रुपए में ही भोजन की थाली लेनी पड़ी।
भर्ती प्रक्रिया को देखने के लिए परिजन व युवा पेड़ों पर चढ़े
भर्ती रैली प्रक्रिया को देखने के लिए युवाओं के साथ आए उनके परिजन व दौड़ में ही फेल होने वाले युवा अपने साथियों की फिजिकल परीक्षा को देखने के लिए पेड़ों पर चढ़ गए।
8 स्थानों पर लगाए पुलिस ने नाके
शांति पूर्ण भर्ती प्रक्रिया के लिए गांव में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चाकचौबंद रही। पुलिस ने गांव में सिटी स्टेशन रोड, स्टेडियम के बाहर भिवानी-जींद रोड व जींद की तरफ से गांव के एंट्री प्वांइट पर, गांव की फिरनी में टी-प्वांट पर, स्टेडियम के पीछे जोहड़ की तरफ, बाबा परमहंस बड़ा मंदिर के पास आदि स्थानों पर नाकेबंदी की।
दौड़ते समय घायल हुए युवक को उठाकर बाहर की ओर लाते सेना अधिकारी।
26 हजार से ज्यादा ने कराया पंजीकरण
भर्ती निदेेशक कर्नल अजीत कुमार पिल्लई ने बताया कि 16 से 22 मई तक भर्ती प्रक्रिया चलेगी। बुधवार को भिवानी, बवानीखेड़ा व लोहारू तहसील के युवाओं की सोल्जर जीडी, सोल्जर क्लर्क एसकेटी व सोल्जर नर्सिंग सहायक पदों के लिए भर्ती हुई। भर्ती के लिए कुल 26 हजार 252 युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण करवाया था। पहले दिन 3200 युवाओं ने भाग लिया है।
पहली बार की नई व्यवस्था
भर्ती के लिए चयनित होने वाले युवाओं के कागजों की जांच के लिए डीसी डॉ. अंशज सिंह की स्वीकृति से शिक्षा विभाग के तीन शिक्षकों को चयनित किया गया है। जो सेना भर्ती बोर्ड के अधिकारियों के साथ कागजों की जांच में मदद करेंगे। इनमें तिगड़ाना राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल के प्राचार्य डॉ. अनिल गौड, लोहानी राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल के प्राचार्य सुरेश जांगड़ा व इसी स्कूल के लकच्चर रमन अत्री को शामिल किया गया है।
आज होगी इन युवाओं की भर्ती
17 मई को भिवानी जिला के तोशाम व सिवानी तहसील तथा महेन्द्रगढ़ जिला के नांगल चौधरी, अटेली व कनीना तहसील के युवाओं की भर्ती की जाएगी। इसी तरह से 18 मई को महेन्द्रगढ़ जिला के महेन्द्रगढ़ व नारनौल तहसील के युवाओं की भर्ती होगी। 19 मई को शारीरिक मापदंड पूरा करने वाले युवाओं की चिकित्सा जांच होगी। 20 मई को दादरी, बाढ़ड़ा व बौंदकलां तहसील के युवाओं की भर्ती होगी। 21 मई को रेवाड़ी जिला के रेवाड़ी, कोसली व बावल तहसील के युवाओं की व 22 मई को युवाओं की चिकित्सा जांच होगी।
हरियाणा के युवा मजबूत: पिल्लई
भर्ती निदेशक कर्नल अजीत कुमार पिल्लई ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभी तक 409 युवाओं ने परीक्षा पास की है। हरियाणा के युवा काफी मजबूत हैं और उन्होंने कड़ी मेहनत कर रखी है जो उनके प्रदर्शन से दिखाई दिया है। प्रशासन की तरफ से स्टेडियम में पानी की पर्याप्त व्यवस्था की है। कागजों की जांच शिक्षा विभाग के तीन शिक्षकों की उपस्थिति में की जाएगी।