राेहतक राेड स्थित एक निजी नर्सिंग होम का संचालक महिला की मौत होने पर उसे एंबुलेंस में ही सड़क पर छोड़कर भाग गया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में लेकर आई।
गांव फुलपूरा निवासी राकेश कुमार ने अपनी 72 वर्षीय मां संतरा को पेट दर्द की शिकायत पर सोमवार शाम तीन बजे रोहतक रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम में उपचार के लिए भर्ती कराया। महिला के स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ तो चिकित्सक खुद एंबुलेंस से महिला व उसके परिजनों को लेकर चिड़ियाघर मोड़ स्थित एक निजी नर्सिंग होम के पास पहुंचा। महिला के पुत्र राकेश ने बताया कि चिकित्सक ने जब उसकी मां को एंबुलेंस में ही मृत अवस्था में देखा तो वह एंबुलेंस को सड़क पर ही खड़ी कर मौके से भाग गया।
उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस एंबुलेंस में शव व परिजनों काे लेकर नागरिक अस्पताल में पहुंची। मृतका के पुत्र राकेश ने बताया कि परिजनों ने निजी नर्सिंग होम में पहुंचकर चिकित्सक से मिलने के प्रयास किया लेकिन चिकित्सक उन्हें अस्पताल में नहीं मिला। सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी जयसिंह, दिनोद गेट चौकी प्रभारी दशरथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
चिड़ियाघर मोड के पास सड़क पर खड़ी एंबुलेंस। जिसे मृतक व उसके परिजनों सहित चिकित्सक बीच सड़क में ही छोड़ कर भाग गया।