झोलाछाप डाॅक्टर के चक्कर में बड़ेसरा की महिला की जान चली गई। पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर पति समेत ससुराल पक्ष के सात सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक मंजू के पिता भिवानी निवासी रामकिशन ने बताया उसकी बेटी मंजू व सुदेश की शादी बड़ेसरा निवासी विजय व प्रदीप के साथ की थी। दोनों लड़के बिजेन्द्र व दिनेश की शादी भी उसी घर में नीलम व बबीता के साथ हुई थी।
शादी के बाद सास, ससुर, व ननद दोनों बेटियों को तंग करने लगे। इसके बाद दोनों बेटियां अपने-अपने पतियों के साथ बैंगलूरू रहने लगी। करीब डेढ़ महीना पहले मंजू बड़ेसरा आई थी। 16 मई को उसने एक बेटे को जन्म दिया। मंजू में खून की कमी के चलते रिश्तेदार उसे अस्पताल न ले जाकर झोलाछाप डाॅक्टर से उपचार कराने के चक्कर में रहे। जब वह अपनी बेटी से मिलने गांव बड़ेसरा पहुंचा तो उन्होंने धक्के मारकर घर से निकाल दिया और अपनी बेटी से भी नहीं मिलने दिया गया।
सोमवार को उसकी बेटी मंजू की मौत हो गई। पुलिस ने पिता के बयान पर पति व ससुर समेत सात के खिलाफ आईपीसी की धारा 304ए के तहत मामला दर्ज किया है।