नगर परिषद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार को 13 वें दिन में प्रवेश कर गई। सोमवार को शहर के नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान कमल कांगड़ा, रमेश कांगड़ा, महेंद्र व राज्य सचिव पुरुषोत्तम दानव के नेतृत्व में पुरूष सफाई कर्मियों ने नप कार्यालय से लेकर विधायक आवास तक अपनी मांगों को लेकर अर्ध नग्न होकर प्रदर्शन किया। दूसरी अाेर महिलाअाें ने थाली चम्मच बजाकर सरकार के प्रति राेष जताया। विधायक आवास पर लगभग ढाई घंटे तक कर्मचारियों ने रोष जताया।
बीसीसीअाई के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रणबीर महेंद्रा ने सफाई कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार को चाहिए कि कर्मचारियों की मांगों को अविलंब स्वीकार करें क्यों कि यह सबसे कमजाेर व अहम तबका है। महेंद्रा ने कहा कि वह व कांग्रेस पूरी तरह से उनके साथ हैं। सर्व कर्मचारी संघ ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया तो वे अपने आंदोलन को ओर अधिक तेज करने पर मजबूर होंगे। कर्मचारियों ने बताया कि यदि सरकार फिर भी नहीं मानी तो 25 मई से क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा।
अनेक संगठनों ने सफाई अभियान चलाया
एमसी कालोनी सेंट्रल पार्क में सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों से प्रेरित होकर सफाई अभियान चलाया गया। इसमें भारत माता सेवा मंडल, पार्क मंडल और राष्ट्रीय स्वयं सेवक सदस्यों ने सफाई में अपना योगदान दिया। इस अवसर पर एडवोकेट पदम सिंह चौहान, वेद प्रकाश गुप्ता, राजेंद्र शर्मा, डॉ. रामकिशन, राजेश नागपाल, दीवान सिंह, महावीर सिंह आदि मौजूद थे।
गलियों में लगे कूड़े के ढेरों को शहर के बाहर डाला
सफाई कर्मचारियों के हड़ताल के कारण शहर में गंदगी के चलते वार्ड नंबर 28 में नगर पार्षद आकाश मस्ता के नेतृत्व में वार्डवासियों ने सफाई अभियान चलाया। इसमें युवाओं, बच्चों व महिलाओं ने भाग लेकर गंदे पानी की नालियों की सफाई की और कूड़े के ढेरों को एकत्रित कर ट्रैक्टर-ट्रालियों में डालकर शहर के बाहर डाला गया। अभियान के तहत मस्तों की गली, खारी कुई, नाई कलालों की गली, बिचला बाजार, रामदत्तों की गली, नाई भाटान गली, सोरे वाली गली, जैन चौक, बिजली घर गेड, सुभाष गली, श्याम मंदिर गली की सफाई की गई। आकाश मस्ता के पिता पन्नू मस्ता ने सभी पार्षदों व शहरवासियों से आह्वान किया है कि वे अपने वार्ड व अपने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को बनाए रखने में अपना सहयोग दें।
उधर नप के पूर्व चेयरमैन भवानी प्रताप सिंह ने भी वार्ड वासियों के साथ टाइपाना व नया बाजार में सफाई अभियान चलाया। अनेक स्थानों पर लगे गंदगी के ढेरों को ट्रालियों में ले जाकर डंपिंग स्टेशन पर डंप किया।