पंचायत भवन में सोमवार को जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए शिक्षा मंत्री प्राे. रामबिलास शर्मा ने गांव कासनी कलां निवासी सुनीता देवी के परिवाद नंबर पांच को गंभीरता से लेते हुए सुनीता द्वारा लगाए गए आरोप पर संबंधित एएसआई रमेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज करने व जांच करने के निर्देश दिए।
सुनीता ने एएसआई रमेश पर आरोपियों के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगाया था। वहीं एएसआई काे भी जांच में शामिल करने के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए। बता दें कि पीड़िता सुनीता ने शिक्षा मंत्री से अपने साथ हुए अन्याय को लेकर न्याय की गुहार लगाई थी। लगभग 10 माह पहले गांव कासनी में सुनीता के साथ उसी के ससुराल के कुछ रिश्तेदारों ने उसके साथ मारपीट कर बदतमीजी की थी। इस पर पीड़िता ने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई करने के लिए बार-बार गुहार लगाने पर भी कोई हल नहीं निकला था। सोमवार को मामले में सुनवाई करते हुए शिक्षामंत्री ने एएसआई रमेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने समेत उसे भी जांच में शामिल करने का फैसला सुनाया। इसके साथ ही पूरे मामले का जिम्मा एसपी गंगाराम पूनिया को सौंपा गया। शिक्षा मंत्री ने महिला सुनीता व उसके पिता को कहा कि मामले को लेकर यदि उन्हें किसी प्रकार की अन्य जानकारी मिलती है तो वे इस बारे में एसपी को सूचित करें।
डेढ़ माह बाद हुई जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में कुल 16 परिवाद शिक्षा मंत्री के सामने रखे गए जिनमें से 6 सीएम विंडों से संबंधित थे। इन मामलों की सुनवाई के बाद 10 मामलों का निपटारा किया। इस मौके पर विधायक घनश्याम दास सर्राफ, हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन ऋषिप्रकाश शर्मा, पूर्व विधायक शशि रंजन परमार, भाजपा जिला प्रधान नंदराम धानिया, डीसी डॉ. अंशज सिंह, एडीसी डॉ. संगीता तेतरवाल, एसपी गंगाराम पूनिया, एसडीएम सतीश कुमार, सिटीएम महेश कुमार, नप चेयरमैन रणसिंह यादव, जिप चेयरमैन रमेश ओला मौजूद थे। जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में मीडिया के लिए निर्धारित सीटों पर भाजपा कार्यकर्ता जमे रहे। जबकि पंचायत भवन में निर्धारित स्थान को लेकर ठीक सामने दीवार पर प्रेस लिखा पंफलेट भी चस्पाया गया था।
पंचायत भवन में जिला लोकसंपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा के समक्ष समस्या रखते लोग।
फिर उठे चोरी के दोनों लंबित मामले
जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में रखे गए परिवादों में बाग कोठी निवासी गायत्री देवी के घर हुई चोरी के मामले में प्रो. शर्मा ने इस केस को पेंडिंग रखते हुए मामले को एसपी गंगाराम पूनिया के नेतृत्व में जांच जारी रखते हुए जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से इस मामले में चोरों का जल्द सुराग को निर्देश दिए। बता दें कि महावीर प्रसाद के घर विवाह महोत्सव के दौरान हुई चोरी के मामले में शिक्षा मंत्री को डीएसपी जगत सिंह मोर ने बताया कि सीआईए की टीम शक के दायरे में आए लोगों को पकड़ने के लिए बिहार गई है। उन्होंने बताया कि जिन व्यक्तियों पर शक जताया गया है वे घर पर नहीं होेने के कारण अभी आधी टीम वहीं रुकी हुई है। शिक्षा मंत्री ने मामले को लेकर पीड़ितों को बताया कि नए एसपी इस मामले को रिव्यू करेंगे वहीं शिकायतकर्ताओं को मंगलवार सुबह 11 बजे के बाद एसपी से मामले को लेकर मिलने के लिए भी कहा ताकि एसपी पीड़ितों से पूरी जानकारी लेकर मामले को जल्द सुलझा सकें।
बिना किसी भेदभाव के करवाए जाएं विकास कार्य: शिक्षा मंत्री
भिवानी | लोक निर्माण विश्राम गृह में डी-प्लान से संबंधित विकास कार्यो की बैठक शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा की अध्यक्षता में हुई। शिक्षा मंत्री ने विकास कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाने के निर्देश दिए। बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान जिला योजना अधिकारी डॉ. भागीरथ कौशिक ने शिक्षा मंत्री को बताया कि जिले में वर्ष 2017-18 में सरकार द्वारा विकास कार्यों के लिए 14 करोड़ 59 लाख 81 हजार रुपए का बजट प्राप्त हुआ था, जिसमें 14 करोड़ 59 लाख 41 हजार रुपए की राशि खर्च की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि डी-प्लान की योजना वर्ष 2008-09 में शुरू हुई थी और वर्ष 2017-18 में भिवानी में अब तक करीब 100 प्रतिशत धन राशि खर्च की गई है। बैठक में शिक्षा मंत्री प्रो. शर्मा ने बताया कि विकास कार्यों के लिए सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए बाकायदा योजना बनाई जाए और प्राथमिकता के साथ उन पर कार्य हों। विकास कार्यों में गुणवत्ता पर पूरा ध्यान रखा जाएगा। इस अवसर पर विधायक घनश्याम दास सर्राफ, डीसी डाॅ. अंशज सिंह, एडीसी डॉ. संगीता तेतरवाल, पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन ऋषि प्रकाश शर्मा, जिला परिषद चेयरमैन रमेश ओला, भाजपा जिला प्रधान नंदराम धानिया व चरखी दादरी प्रधान रामकिशन शर्मा अादि मौजूद थे।
15 दिन म्ह थारे जोहड़ा म्ह भी पानी की व्यवस्था करा दयांगे
गांव अजीतपुर, ढाणा लाडनपुर, ढाणा नरसान आदि के ग्रामवासियों ने पानी किल्लत को लेकर शिक्षा मंत्री से गुहार लगाई। शिक्षामंत्री ने मामले की सुनवाई के बाद ग्रामीणों को कहा कि 15 दिन मैं थारे जोहड़ा मैं पानी की व्यवस्था करा दयांगे। इसके साथ ही उन्होंने पेयजल परेशानी को दूर करने के लिए डीसी, सिंचाई विभाग के अधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों को पानी समस्या के जल्द समाधान करने को कहा ताकि गर्मी में नागरिकों व पशुओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। इसी मामले में हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन ऋषिप्रकाश शर्मा ने शिक्षा मंत्री को अवगत करवाया कि सरकार की ओर से गांवों में पेयजल सप्लाई आते ही जोहड़ों के लिए पानी की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए थे। इसलिए कोई ऐसी व्यवस्था की जाए कि सभी जोहड़ों में भी पानी पहुंच जाए और ग्रामीणों को भी कोई परेशानी न हो। उन्होंने नहरी पानी की चोरी रोकने के लिए नियमित रूप से पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को निरंतर गश्त कर पानी चोरी करने वालों को पकड़ने व उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज करने के निर्देश दिए।