सेना भर्ती में शामिल हाेने के लिए गांव तिगड़ाना जा रहे युवक से लघु सचिवालय के सामने बाइक सवार तीन युवक पेचकस दिखा कर बीती रात मोबाइल व 3500 रुपये की नकदी छीनकर ले गए। पुलिस ने अज्ञात युवकाें के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव हड़ाैदा कलां निवासी देवेंद्र सिंह ने बताया कि वह अपने मामा बलराज सिंह के पास डीसी काॅलाेनी में रहता है। रात लगभग साढ़े 12 बजे वह सेना भर्ती में शामिल हाेने के लिए गांव तिगड़ाना जाने के लिए चिड़ियाघर के नजदीक लघु सचिवालय के सामने खड़ा था। उसके कुछ दाेस्त गांव मानेहरू से यहीं अाने वाले थे अाैर यहीं से उनके साथ भर्ती स्थल पर जाना था। तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक उसके पास अाए अाैर दाे युवक बाइक से उतरकर उसके साथ मारपीट करने लगे। तीसरे युवक ने बाइक से नीचे उतकर उसे पेचकश दिखाया। तीनों युवक जबरदस्ती उसका मोबाइल छीनकर ले गए। मोबाइल के कवर में रखी 3500 रुपये की नकदी भी साथ ले गए। कुछ समय बाद उसके दोस्त माैके पर पहुंचे अाैर वह उनके साथ भर्ती में शामिल हाेने के लिए गांव तिगड़ाना चला गया।