डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन ने गुहला कैथल में जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ वेदपाल के साथ की गई बदसलूकी पर शहर में विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान मंत्री अनिल विज के खिलाफ नारेबाजी भी की।
एसोसिएशन पदाधिकारी बिजेश कुमार जावला ने बताया कि पब्लिक बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री विज ने बिना एसडीओ का पक्ष सुने सस्पेंड व केस दर्ज करने के आदेश दिए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक कुलवंत बाजीगर उपरोक्त एसडीओ से मंथली मांगता था अाैर न देने पर उनका तबादला करवा दिया परंतु एसडीओ ने कोर्ट की शरण लेकर वह तबादला रूकवा दिया। इससे नाराज होकर विधायक ने एक झूठी शिकायत करवाकर तथा मंत्री से मिलकर बिना कोई पक्ष जाने उनके साथ बदसलूकी की। उन्होंने बताया कि जब मंत्री आईपीएस बेटी का अनादर कर सकता है तो एक अधिकारी को भी प्रताड़ित कर सकता है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि अनिल विज को मंत्री पद से हटाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। अन्यथा एसोसिएशन पूरे प्रदेश में आंदोलन चलाकर उनका पूर्णरूप से बहिष्कार किया जाएगा। इस अवसर पर उपमंडल अभियंता राजकुमार मुंजाल, उमेद सोनी, श्रीभगवान शर्मा, प्रवीण जांगड़ा, आरएस पंवार, सवित पानू, अनिल भारद्वाज, बलवान सिंह, विजयपाल, पंकज, अनूप राठी आदि मौजूद थे।