तिगड़ाना स्टेडियम में बवानीखेड़ा, भिवानी व लोहारू के युवाओं की भर्ती आज
दादरी सेना भर्ती कार्यालय के भर्ती निदेशक कर्नल अजीत कुमार पिल्लई ने बताया कि 16 से 22 मई को गांव तिगड़ाना के स्टेडियम में होने वाली सेना भर्ती की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बुधवार अल सुबह दो बजे से स्टेडियम में युवाओं का प्रवेश शुरू होगा। बुधवार को बवानीखेड़ा, भिवानी व लोहारू तहसील के युवाओं की सोल्जर जीडी, सोल्जर क्लर्क
एसकेटी व सोल्जर नर्सिंग सहायक पदों के लिए भर्ती होगी। भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं को मल्टी डोप टेस्ट से गुजरना होगा, जिसमें उनके यूरीन के सेेंपल लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस भर्ती को सलेक्ट द बेस्ट का नाम दिया गया है। भर्ती के लिए कुल 26252 युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण करवाया है। इनमें सात हजार 754 सोल्जर क्लर्क व एसकेटी, 17 हजार 332 सोल्जर जीडी तथा सोल्जर नर्सिंग सहायक के पदों के लिए 1167 युवा शामिल हैं। प्रशासन की ओर से रैली में शामिल होने वाले युवाओं के आने-जाने के लिए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड तक बसों की व्यवस्था की गई है।
गांव तिगड़ाना में सेना भर्ती के लिए की गई तैयारियां।
इस तरह होगा टेस्ट
भर्ती होने वाले युवाओं को फिजीकल टेस्ट से गुजरना होगा, जिसमें सबसे पहले 1600 मी. दौड़ होगी। दौड़ में पांच मिनट 30 सेकंड में दौड़ पूरी करने वालों को प्रथम तथा 5.45 में पूरी करने वालों को द्वितीय स्थान पर माना जाएगा। इसके बाद जिग-जैग बैलेंस टेस्ट होगा। इसी प्रकार से नौ फीट लंबी कूद होगी। तत्पश्चात बीम होगी, जिसमें पास होने के लिए कम से कम छह बीम लगानी होगी। छह बीम के लिए 16 अंक, सात पर 21 अंक, आठ पर 27, नौ पर 33 व दस पर 40 अंक मिलेंगे। इसके बाद मेजरमेंट टेस्ट होगा, जिसमें लंबाई, चैस्ट व वजन किया जाएगा। अंत में मेडिकल टेस्ट होगा।
बाजू पर टैटू गुदवाने वाले होंगे बाहर
कर्नल पिल्लई ने बताया कि शारीरिक जांच के दौरान भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं के शरीर पर टैटू मिला तो उसको भर्ती से बाहर कर दिया जाएगा। भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं को मल्टी डोप टेस्ट से गुजरना होगा, जिसमें उनके यूरीन के सेेंपल लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि भर्ती के दौरान दलालों पर पूरी नजर रहेगी। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के बारे में कोई भी व्यक्ति सेना अधिकारियों के पास सूचना दे सकता है। दूसरी ओर ग्राम पंचायत की ओर से फौजियों के रात्रि ठहराव के लिए बाबा परमहंस मंदिर में व्यवस्था की गई है। गांव तिगड़ाना के स्टेडियम में 16 मई से भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ व रेवाड़ी जिलों के युवाओं की खुली भर्ती की जा रही है। कर्नल ने बताया कि 16 मई को भिवानी जिला के बवानीखेड़ा, भिवानी व लोहारू तहसील के युवाओं की सोल्जर जीडी, सोल्जर क्लर्क, एसकेटी व सोल्जर नर्सिंग सहायक पदों के लिए भर्ती होगी। 17 मई को भिवानी जिला के तोशाम व सिवानी तहसील तथा महेंद्रगढ़ जिला के नांगल चौधरी, अटेली व कनीना तहसील के युवाओं की भर्ती की जाएगी। 18 मई को महेंद्रगढ़ जिला के महेंद्रगढ़ व नारनौल तहसील के युवाओं की भर्ती होगी। कर्नल पिल्लई ने बताया कि 19 मई को शारीरिक मापदंड पूरा करने वाले युवाओं की चिकित्सा जांच होगी। 20 मई को दादरी, बाढड़ा व बौंदकलां तहसील के युवाओं की भर्ती होगी। इसी प्रकार 21 मई को रिवाड़ी जिला के रेवाड़ी, कोसली व बावल तहसील के युवाओं की व 22 मई को शारीरिक परीक्षा व मापदंड पूरा करने वाले युवाओं की चिकित्सा जांच होगी तथा प्रवेश पत्र भी दिए जाएंगे।