पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बामला के पास ट्रक क्लीनर काे गोली मार 11 हजार और मोबाइल लूट ले गए बाइक सवार

बामला के पास ट्रक क्लीनर काे गोली मार 11 हजार और मोबाइल लूट ले गए बाइक सवार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भिवानी-रोहतक नेशनल हाईवे पर गांव बामला के नजदीक बीती रात साढ़े बजे बाइक सवार ट्रक क्लीनर को गोली मारकर 11 हजार की नकदी व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घायल को गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ट्रक चालक नवलागढ़ बेगुसराय बिहार निवासी संजय उर्फ कालीचरण व क्लीनर दीपक मंगलवार रात 11 बजे जुई से ट्रक में सरसों का तूड़ा भरकर खरखौदा सोनीपत के लिए चले थे। रात लगभग साढ़े 12 बजे जब वे गांव बामला के नजदीक पहुंच तो दो बाइकों पर सवार पांच युवकों ने बाइक आगे लगाकर ट्रक को रुकवा लिया और पिस्तौल के बल पर चालक व क्लीनर के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।

हालत गंभीर होने से घायल को रोहतक मेडिकल रेफर किया गया

ऐसे दिया घटना को अंजाम

ट्रक के चालक संजय उर्फ कालीचरण ने बताया कि बाइक सवारों ने गाड़ी रुकवाने के बाद कहा कि उनमें से दो लोगों को रोहतक जाना है। चालक ने कहा कि वे रोहतक नहीं जा रहे। तभी एक युवक ट्रक की खिड़की खोलकर जबरदस्ती कैबिन में घुस गया और उसके सिर पर पिस्तौल लगा दी। युवक ने उसकी जेब से छह हजार रुपए व मोबाइल छीन लिया। उसने क्लीनर प्रदीप से भी पांच हजार रुपए छीन लिए। संजय ने बताया कि लूटपाट की घटना को देखकर पीछे से आए एक ट्रक चालक ने अपनी गाड़ी रोककर उन्हें हमलावरों से बचाने का प्रयास किया। ट्रक चालक ने एक हमलावर के हाथ व पीठ पर लोहे की राड से हमला किया। इससे उनकी पिस्तौल नीचे गिर गई। हमलावर ने पिस्तौल को जमीन से उठा लिया और क्लीनर प्रदीप को गोली मारी। तभी मौके पर दर्जनों की संख्या में पीछे से आए ट्रक चालक पहुंच गए और हमलावर मौके से फरार हो गए। इसके चलते लगभग एक घंटे तक जाम की स्थति बनी रही। मामले की सूचना पुलिस को दी।

संदिग्धों से कर रहे पूछताछ

हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साइबर सैल, सीआईए व खरक पुलिस चौकी की टीम आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने गांव बामला व खरक में घटना के बारे में लोगों से पूछाताछ की है।

खरक चौकी इंचार्ज संजय ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 397, 307, 34 व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...