‘भाजपा मजदूरों का शोषण कर रही’
भाजपा सरकार के सत्तारूढ़ होने के बाद श्रमिक व मजदूरों का शोषण किया जा रहा है। नोट बंदी व जीएसटी ने मजदूरों की कमर तोड़ दी है। भाजपा सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी तेजी से बढ़ रही है। भवन निर्माण कामगार यूनियन 10 जून को भिवानी में होने वाले प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में श्रमिकों व मजदूरों की उपेक्षा के खिलाफ बड़े आंदोलन का ऐलान करेगी। ये बात भवन निर्माण कामगार यूनियन सीटू के प्रदेश महासचिव सुखबीर सिंह ने जांगड़ा धर्मशाला में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक की अध्यक्षता बलवान ने की व मंच संचालन सुमेर सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री व विधायक श्रमिकों को सुविधाएं देने का झूठा प्रचार कर रहे है। भाजपा सरकार ने मजदूरों को सुविधाएं देने तो दूर पूर्व में मिल रही सुविधाओं को भी बंद कर दिया है। पिछले 10 वर्षों से मजदूरों का पंजीकरण तक नहीं हो पाया है। 25 सौ करोड़ रुपये श्रम बोर्ड में जमा होने के बावजूद निर्माण मजदूरों को सुविधाएं देने की बजाए सरकार सरकार व सरकार समर्थित यूनियन का प्रचार कर राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है।