पीने के पानी व अन्य समस्याओं को लेकर 21 मई काे सुबह 9 बजे नेहरू पार्क से डीसी कार्यालय तक विधायक दल की नेता किरण चौधरी, श्रुति चौधरी की अगुवाई में जल अधिकार मटका फोड़ प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के माध्यम से सरकार की जनविरोधी नीतियों की पोल खोली जाएगी।
यह बात पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामकिशन फौजी ने कहते हुए बताया कि लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। मूलभूत सुविधाओं को लेकर आए दिन लोगों को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। पीने के पानी के लिए चारों ओर त्राहि-त्राहि मची है। बिजली व पानी का प्रदेश में घोर संकट बना है। लोगों की समस्याओं को लेकर 21 मई को जल अधिकार मटका फोड़ प्रदर्शन किया जाएगा। जिसे लेकर लोगों से संपर्क साधा जा रहा है।
20 को होगी बैठक
कार्यक्रम के लिए 20 मई रविवार को सायं चार बजे उनके निवास स्थान पर कार्यकर्ताओं की बैठक हाेगी। यह बैठक जल अधिकार मटका फोड़ प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए ली जाएगी। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन धरातल पर बवानीखेड़ा हलका विकास के मामले में पिछड़ रहा है। विधायक अपने खुद के गांव में न पीने का पानी मुहैया करवा पा रहा है, न बिजली की समस्या को दूर करवा पा रहे हैं।
अपने ही गांव में नहीं बनवा पाए जलघर
पूर्व सीपीएस रामकिशन फौजी ने बताया कि उनके कार्यकाल में गांव खरक में जलघर मंजूर करवाया था। जलघर बनवाने की सारी प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, भाजपा विधायक अपने ही पैतृक गांव खरक में कांग्रेस कार्यकाल के मंजूरशुदा जलघर का निर्माण नहीं करवा पाए। आज लोगों को बिजली की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।