- Hindi News
- National
- मेंटेनेंस के कारण चार ट्रेन बंद होने से शादियों के सीजन में यात्रियों को हो रही परेशानी
मेंटेनेंस के कारण चार ट्रेन बंद होने से शादियों के सीजन में यात्रियों को हो रही परेशानी
रेलवे ने मेंटेनेंस के कारण कई ट्रेन को कई महीनों से बंद किया हुआ है। इससे यात्रियों को बड़ी परेशानी हो रही है। इस समय क्षेत्र में शादी विवाह का सीजन चल रहा है। इस कारण स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। वहीं ट्रेन में जगह नहीं होने के कारण लोगों को बड़ी परेशानी होती है।
रेलवे ने मेंटेनेंस के कारण भोपाल-ग्वालियर, ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी, गुना-बीना, बीना-गुना पैसेंजर, जबलपुर-इंदौर, इंदौर जबलपुर ट्रेन को बंद किया था। वहीं रेलवे ने कुछ दिन से ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी को बीना तक चलाया जा रहा है। वहीं गुना-बीना पैसेंजर ट्रेन सुबह और शाम का ही चक्कर लगा रही है। इंदौर-जबलपुर इंटरसिटी करीब 8 महीने से बंद है। इस कारण वर्तमान में चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। शादी विवाह के सीजन के कारण यात्रियों को मजबूरी में ट्रेन के गेट पर लटककर सफर करना पड़ता है। पिपरई शहर में बसों का साधन नहीं होने के कारण सभी यात्रियों के आवागमन का एकमात्र साधन ट्रेन ही है।
गुना-बीना पैसेंजर ट्रेन से रोजाना आसपास के करीब 50 गांव के यात्रियों का आवागमन होता था। ट्रेन बंद होने के कारण पिपरई स्टेशन से अप डाउन करने वाले यात्रियों को बड़ी परेशानी होती है। सांसद प्रतिनिधि देशराज कटारिया, संजय मनोरिया ने बताया कि ट्रेन बंद होने के कारण 50 गांव के लोग परेशान हो रहे हैं।
स्थानीय रहवासियों ने कई बार रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर गुना-बीना पैसेंजर ट्रेन और ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी को भोपाल तक चलाने की मांग की है। इससे लोगों को इन ट्रेनों का लाभ मिल सके।